scorecardresearch
 

पिस्टल लहराते लुटेरे, गाली-गलौज और मारपीट के बीच करोड़ों की लूट, CCTV में कैद बदमाश

दरभंगा के बड़ा बाजार में प्रेम ज्वेलर्स दुकान में चार हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब 2 करोड़ के जेवर और 25 लाख रुपये नगद लूट लिए. घटना CCTV में कैद है. पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं.

Advertisement
X
2 करोड़ के जेवर और 25 लाख कैश लेकर फरार.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)
2 करोड़ के जेवर और 25 लाख कैश लेकर फरार.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)

बिहार के दरभंगा जिले में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट से सनसनी फैल गई. नगर थाना इलाके के व्यस्त बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में चार हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर और लगभग 25 लाख रुपये नगद लूट लिए. घटना के बाद बदमाश सभी के मोबाइल छीनकर दुकान को बाहर से बंद कर आराम से पैदल फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को जानकारी दी गई. बताया गया कि पूरी वारदात को अंजाम देने में करीब 20 मिनट लगे, लेकिन आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी. कुछ बदमाशों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. वारदात के बाद पीड़ित दुकानदार और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूट

पीड़ित दुकानदार मनोज ठाकुर के अनुसार चारों बदमाश दोपहर में अचानक दुकान में घुसे और हथियार दिखाकर सभी को बंधक बना लिया. बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दुकान में रखे सभी कीमती जेवर जबरन झोले में भर लिए. इसके बाद दुकान में रखी करीब 25 लाख रुपये नगद भी लूटकर अपने साथ ले गए.

Advertisement

दुकानदार के बेटे प्रेम कुमार ने बताया कि बदमाशों ने ग्राहकों के गहने भी छीन लिए और जाते-जाते सभी लोगों को दुकान के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया. उनके अनुसार कुछ बदमाश मास्क पहने हुए थे, जबकि कुछ के चेहरे खुले थे. बदमाश आपस में चापिया भाषा में बातचीत कर रहे थे और उनकी उम्र कम बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

दरभंगा

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही DIG मनोज तिवारी, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.

घटना टावर चौक और नगर थाना से कुछ ही दूरी पर होने के कारण पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया गया कि इससे पहले भी बड़ा बाजार इलाके में दिनदहाड़े करीब पांच करोड़ रुपये की लूट की घटना हो चुकी है.

जल्द गिरफ्तारी का दावा

DIG मनोज तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले की जांच तत्काल शुरू कर दी है और जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है और पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement