scorecardresearch
 

पलभर में बिखरा सपना! जयमाल के दौरान बेहोश हुई दुल्हन, बिना फेरे के लौटी बारात

बिहार के भोजपुर से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक लड़की की शादी का सपना इसलिए टूट गया. क्योंकि वह जयमाल के लिए स्टेज पर जाने के दौरान बेहोश हो गई.

Advertisement
X
बिना दुल्हन लौटी बारात. (Photo: Representational )
बिना दुल्हन लौटी बारात. (Photo: Representational )

हाथों में पिया के नाम की मेहंदी, पैरों में आलता की सुर्ख लाली और आंखों में सजे थे सात फेरों के सपने, लेकिन किसे पता था कि जयमाल के मंच तक पहुंचने से पहले ही किस्मत ऐसी करवट ले लेगी कि सारी खुशियां मातम में बदल जाएंगी. दरअसल भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव में शादी की शहनाइयां बज रही थीं. एक पिता की इकलौती बेटी की शादी एक लड़के से तय हुई थी. लेकिन जयमाल के दौरान लड़की बेहोश हो गई.

दुल्हन के बेहोश होते ही टूट गई शादी

तिलक, हल्दी सब कुछ धूमधाम से हुआ. बारात आई, स्वागत हुआ, रस्में निभाई गईं. घर-आंगन खुशियों से जगमगा रहा था. लेकिन जैसे ही दुल्हन जयमाल के लिए स्टेज पर चढ़ने लगी, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी. आनन-फानन में उसे होटल के कमरे में ले जाया गया. फिर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने बताया कि यह सिर्फ थकावट और कमजोरी की वजह से हुआ है. कोई गंभीर बीमारी नहीं है. पर इस एक पल ने सब कुछ बदल दिया. दूल्हे और उसके परिजनों ने बिना इंतजार किए शादी से साफ इनकार कर दिया.

यह भी पढ़ें: रस्मों के बीच भौंका दुल्हन का पालतू कुत्ता, युवक ने पीट दिया तो हुआ बवाल... बारात में चलीं कुर्सियां-लाठी, टूटी शादी

Advertisement

इतना ही नहीं, जो मोटरसाइकिल और सामान तिलक में दिया गया था वह भी वापस कर दिया गया. उनका कहना था कि पहले लड़की का इलाज कराइए, फिर देखेंगे. उधर अस्पताल के बेड पर पड़ी दुल्हन की आंखों से आंसू थम नहीं रहे. वह बस एक ही बात दोहरा रही है कि हमार जिंदगी बर्बाद हो गईल…अब हम कहां जाई…

हाथों की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी और रिश्तों की डोर टूट गई

दुल्हन के पिता जो एक छोटे व्यवसायी हैं. वे बताते हैं कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर बेटी की शादी में सब कुछ लगा दिया. रिश्तेदार आए, रिसॉर्ट बुक हुआ, खाना-पीना का पूरा इंतजाम किया गया. लाखों रुपये खर्च हुए, लेकिन बारात बिना फेरे लौट गई. घर में जहां हंसी-खुशी थी, अब सन्नाटा पसरा है. मां की आंखें भी नम हैं. मां उनका कहना है कि बिटिया कभी बीमार नहीं रही. शादी की भागदौड़ में ठीक से खाना तक नहीं खा पाई थी. थकावट की वजह से वह बेहोश हुई, लेकिन दूल्हा पक्ष ने एक पल का भी धैर्य नहीं दिखाया.

लड़की कोई गंभीर बीमारी नहीं: डॉक्टर

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सरोज कुमार के मुताबिक फिलहाल लड़की की स्थिति सामान्य है और किसी गंभीर बीमारी के संकेत नहीं मिले हैं. इलाज जारी है. लेकिन सवाल यह है कि क्या एक पल की बेहोशी किसी लड़की के भविष्य का फैसला कर सकती है? क्या रिश्ते इतने कमजोर हो गए हैं कि मुश्किल की घड़ी में साथ छोड़ देना आसान हो गया है? एक तरफ अस्पताल के बेड पर टूटी हुई दुल्हन है, दूसरी तरफ समाज के सामने खड़ा एक कड़वा सच. शादी के मंच से उठी यह कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement