नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से भारी तबाही हुई है. नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण पेय और बगर गाँव में लगभग 35 मकान और कई पुल बह गए हैं. स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, चुम्ब के खोला इलाके में भीषण भूस्खलन के कारण नदी का स्वाभाविक बहाव अवरुद्ध हो गया था, जिसके बाद पानी का दबाव बढ़ने से अचानक सैलाब आ गया. बाढ़ के इस प्रचंड रूप ने गोरखा के चुमनुबरी और धारचे क्षेत्रों को बुरी तरह प्रभावित किया है.