Advertisement

US Iran Conflict LIVE: जंग के बीच ईरान का सेमनन एयरपोर्ट दहला! आसमान से अमेरिकी ने बरसाए गोले

aajtak.in | नई दिल्ली | 16 जुलाई 2026, 9:20 AM IST

US Iran War News Live Updates: अमेरिका ने ईरान के तटीय रक्षा ठिकानों और मिसाइल भंडारण स्थलों पर दो बार हमला किया, जिसके बाद ईरान ने इसे अमेरिका के साथ अस्तित्व की लड़ाई बताया. होर्मुज बंद होने से तेल की कीमतें एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं. अमेरिका ने एक तेल टैंकर को भी निष्क्रिय किया. ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा किया, जबकि कुवैत ने ईरानी मिसाइलें और ड्रोन रोकने की बात कही. ट्रंप ने कहा ईरान समझौता करना चाहता है. इस बीच ईरान ने हिरासत में रखी गई एक अमेरिकी नागरिक को रिहा कर दिया.

होर्मुज संकट के बीच अमेरिका-ईरान टकराव बढ़ गया है (Photo: AFP)

पश्चिम एशिया में एक बार फिर से जंग धधक गई है. अमेरिका ने ईरान की तटीय रक्षा प्रणाली और मिसाइल ठिकानों पर हमला किया. यह हमला ईरान के बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी दोबारा लगाने के बाद हुआ. ईरान ने इसके जवाब में और ज्यादा क्षेत्रीय ऊर्जा निर्यात बंद करने की धमकी दी और कहा कि वह अमेरिका के साथ 'अस्तित्व की लड़ाई' लड़ रहा है. यह तनाव उस समय बढ़ा जब कुछ दिन पहले एक कमजोर संघर्ष विराम टूट गया था.

पिछले शनिवार रात ईरान ने होर्मुज को बंद करने का ऐलान किया था. यह वही रास्ता है जिससे युद्ध से पहले दुनिया के करीब पांचवें हिस्से का तेल और गैस गुजरता था. 

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े तीन बजे भारतीय समय पर ईरान के ग्रेटर टुंब द्वीप पर तटीय रक्षा प्रणाली और क्रूज मिसाइल भंडारण ठिकानों पर हमला किया गया. यह हमला करीब 90 मिनट में पूरा हो गया. इसके नौ घंटे बाद दूसरी बार भी हमला किया गया. 

अमेरिकी सेना ने यह भी बताया कि उसने ईरान के खर्ग द्वीप की तरफ जा रहे एक तेल टैंकर को बार बार चेतावनी देने के बावजूद रोका नहीं जाने पर उसे मिसाइल से निष्क्रिय कर दिया.

हमलों के बाद ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि अहवाज शहर के चार इलाकों और बंदर अब्बास पर भी हमला हुआ, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने दावा किया कि अहवाज के एक अस्पताल के पास हमला हुआ जहां बच्चों के कैंसर का इलाज होता है, जिसके बाद अस्पताल खाली कराना पड़ा.

ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालीबाफ ने कहा कि ईरान की सुरक्षा होर्मुज में उसकी व्यवस्था बनाए रखने पर निर्भर है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया. कुवैत ने कहा कि उसने बुधवार को ईरान से आईं चार मिसाइलें और 21 ड्रोन रोक दिए, इसमें नुकसान हुआ पर कोई घायल नहीं हुआ. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान जल्द हार मान लेगा और वह 'समझौता करने के लिए बेताब' है.

9:20 AM (2 मिनट पहले)

US strikes in Iran: ईरान के सेमनान एयरपोर्ट पर एयरस्ट्राइक

Posted by :- Anurag

ईरान के सरकारी मीडिया IRIB के मुताबिक, सेमनान एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों को हवाई हमलों में निशाना बनाया गया है. स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और अब तक किसी रिहायशी इलाके पर हमले की सूचना नहीं है. 

 

9:17 AM (4 मिनट पहले)

US-Iran War: ईरान में 'ग्राउंड इनवेजन' की तैयारी में अमेरिका, ट्रंप के टेबल पर फाइनल प्लान!

Posted by :- Anurag

अमेरिकी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान में ग्राउंड इनवेजन की तैयारी में है. ये दावा अमेरिकी मीडिया ने किया है. दावा है कि इस प्लान पर विचार किया जा रहा है. संभावित विकल्पों में होर्मुज के पास ईरानी द्वीपों पर अमेरिकी सेना भेजना, हवाई हमले तेज करना और पिकऐक्स माउंटेन पर बमबारी शामिल है. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - ईरान में घुसने की तैयारी में अमेरिकी सेना, जमीनी जंग का काउंटडाउन शुरू... ट्रंप का सबसे बड़ा फैसला!
 

8:42 AM (39 मिनट पहले)

Iran warns US: ईरान की नई चेतावनी, होर्मुज के बाद लाल सागर भी बन सकता है जंग का नया मोर्चा

Posted by :- Anurag

ईरान ने संकेत दिया है कि यदि अमेरिका के हमले जारी रहे तो संघर्ष होर्मुज से आगे बढ़कर लाल सागर तक फैल सकता है. रॉयटर्स के मुताबिक, इससे हूती विद्रोहियों के जरिए एक और अहम वैश्विक समुद्री मार्ग पर खतरा बढ़ने की आशंका है.

8:11 AM (एक घंटा पहले)

ईरान वार्ता पर US-इजरायल में मतभेद?

Posted by :- Anurag

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आरोप लगाया है कि इजरायली सरकार के कुछ लोग ईरान के साथ शांति वार्ता को कमजोर करने और युद्ध को लंबा खींचने के लिए अमेरिकी जनमत को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे. यह दावा द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में सामने आया है. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का इजरायल पर बड़ा हमला, कहा- कुछ नेता ईरान युद्ध लंबा खींचना चाहते हैं

 

 

Advertisement
7:51 AM (एक घंटा पहले)

US attacks on Iran ships: ईरान के खिलाफ US का बड़ा एक्शन, खार्ग द्वीप जा रहे तेल टैंकर को किया निष्क्रिय

Posted by :- Anurag

अमेरिकी सेना के सेंटकॉम ने दावा किया है कि उसने खार्ग आइलैंड की ओर जा रहे एक तेल टैंकर को हेलफायर मिसाइल से निष्क्रिय कर दिया. इसके साथ ही अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों, एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइल-ड्रोन साइट्स पर भी नए हमले किए हैं.

7:21 AM (2 घंटे पहले)

पश्चिम एशिया में महाविनाश की आहट, तेहरान में आधी रात गूंजे धमाके

Posted by :- Anurag

पश्चिम एशिया में एक बार फिर से जंग तेज हो गई है. अमेरिकी की ओर से लगातार 5वें दिन हमला किया गया. ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिका की ओर से बमबारी की गई है.

7:19 AM (2 घंटे पहले)

Donald Trump on Iran: डोनाल्ड ट्रंप बोले - ईरान समझौता करना चाहता है

Posted by :- Anurag

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने 2024 से हिरासत में रखे एक अमेरिकी नागरिक को रिहा कर सद्भावना का संकेत दिया है. हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों के कारण होर्मुज और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है. 

7:15 AM (2 घंटे पहले)

Middle East War: बहरीन और कुवैत में यूएस के ठिकानों पर ईरान ने जोरदार हमले किए

Posted by :- Anurag

अमेरिका द्वारा ईरान पर दोबारा नौसैनिक नाकेबंदी लागू करने और हवाई हमले तेज करने के बाद ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है. बहरीन और कुवैत में मिसाइल अलर्ट जारी किया गया. जॉर्डन ने भी कहा कि उसने अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली मिसाइलों को मार गिराया.

7:08 AM (2 घंटे पहले)

US-Iran Conflict: होर्मुज में बढ़ते हमलों के बीच अमेरिकी सैन्य मार्ग से भी बच रहीं शिपिंग कंपनियां

Posted by :- Anurag

ईरानी हमलों के बाद होर्मुज में सुरक्षा चिंताओं के चलते कई शिपिंग कंपनियां अमेरिकी सैन्य निगरानी वाले ट्रांजिट मार्ग का इस्तेमाल भी नहीं कर रही हैं. रिपोर्ट के अनुसार, जहाज अब ईरान और ओमान के तटों के पास बने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर रहे हैं.