बारिश से सिर्फ भारत ही नहीं नेपाल में भी हालत खराब है. नेपाल के रोल्पा जिले में बारिश में रेनकोट पहनकर पहाड़ी रास्ते के जरिए स्कूल जाती हुई तीन छोटी बच्चियों का एक 17 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. इस वायरल वीडियो का उन्हें जमकर फायदा भी मिला, वीडियो को बहुत ज्यादा पसंद किया गया. जिसके बाद इन तीन बच्चियों को अब स्नातक तक निशुल्क शिक्षा की सुविधा मिलेगी.
वीडियो नेपाल के रोल्पा जिले की रन्टीगढ़ी गांव का है. इस वीडियो में तीन बच्चियां हरे, गुलाबी और पीले रंग के रेनकोट पहनकर स्कूल जाती नजर आ रही हैं. खास बात यह है कि बच्चियां पहाड़ी चढ़कर स्कूल जा रही हैं. इसी दौरान एक मोटरसाइकल उनके पास से गुजरती है और फिर वीडियो खत्म हो जाती है. वीडियो 17 सेकंड की है लेकिन इस वीडियो को सोशल मीडिया पर बहुत पसंद किया जा रहा है. अब तक इसे 22 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं. इस एक वीडियो ने इन बच्चियों को स्नातक तक की निशुल्क दे दी.
इस वीडियो को लोकेन्द्र पुन नामक एक स्थानीय ने रिकॉर्ड किया है. उन्होंने बताया कि वे अपनी बहन को बस से भेजने के लिए इंतजार कर रहे थे तभी उन्हें ये तीनों बच्चियां स्कूल जाती दिखीं, उन्हें यह दृश्य बहुत मनमोहक लगा इसलिए उन्होंने इसकी वीडियो बना ली.
वायरल वीडियो की तीनों बच्चियां रन्टीगढ़ी गांव के सुर्पाल की निवासी हैं और एडभान्स चाइल्ड केयर इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल में पढ़ती हैं. इनमें दो बच्चियां एक ही परिवार की हैं, जबकि तीसरी उनकी पड़ोसी है लेकिन तीनों रोज़ साथ स्कूल जाते हैं.
जब वीडियो वायरल हुआ और इसे इतना ज्यादा प्यार मिला तो बच्चियों की पढ़ाई का पूरा खर्च की जिम्मेदारी रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत ने उठाने का फैसला किया. इन बच्चियों का नाम मनजीता पुन, सियाँ घर्ती और मनजीता घर्ती हैं. वे फिलहाल जिस स्कूल में पढ़ती हैं वहां पहले से कक्षा 6 तक निशुल्क शिक्षा दी जाती है. और अब 7वीं से लेकर उनकी स्नातक तक की पढ़ाई का पूरा खर्च रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत उठाएगी.
बच्चियों के पिता विदेश में काम करते हैं. शनिवार को वीडियो बनाने वाले लोकेन्द्र पुन, रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत के सदस्यों ने बच्चियों के घर जाकर उनके अभिभावकों को इस बारे में सहमत कराया.
पंकज दास