भारतीय प्रवासी परिवार की बेटी और पहली बार चुनाव लड़ रहीं अपर्णा राज ने वॉशिंगटन डी.सी. के वार्ड-1 काउंसिल सीट के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव जीत लिया है. इस जीत के साथ वह पिछले तीन दशकों में वार्ड-1 की पहली नई प्रतिनिधि बनने की ओर अग्रसर हैं. रैंक्ड-चॉइस वोटिंग सिस्टम के तहत हुई मतगणना के चौथे दौर में अपर्णा राज को 52 प्रतिशत वोट मिले. 32 वर्षीय राज अब डी.सी. काउंसिल की सबसे युवा सदस्य बनने जा रही हैं.
वार्ड-1 में कोलंबिया हाइट्स, एडम्स मॉर्गन, माउंट प्लेजेंट, शॉ, यू स्ट्रीट, पार्क व्यू, कालोरामा, हावर्ड यूनिवर्सिटी और लेड्रॉइट पार्क जैसे इलाके शामिल हैं. एकप्रोग्रेसिव पॉलिसी एडवोकेसी ग्रुप में कम्युनिकेशंस मैनेजर के रूप में कार्यरत अपर्णा राज ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत किरायेदारों के अधिकारों के लिए काम करने वाली आयोजक के तौर पर की थी. खुद किराए के घर में रहने वाली राज का कहना है कि स्थानीय सरकार में किरायेदारों का प्रतिनिधित्व बढ़ना चाहिए.
यह भी पढ़ें: AI पर अमेरिका की ‘दादागिरी’! दुनिया के लिए बंद किए टॉप मॉडल्स, भारत पर क्या असर?
उन्होंने इस साल की शुरुआत में दिए एक इंटरव्यू में कहा था, 'इस समय काउंसिल में केवल दो सदस्य ही किरायेदार हैं और बहुत कम लोग किरायेदारों की समस्याओं और अस्थिरता को समझते हैं.' उनके चुनाव अभियान का मुख्य फोकस महंगाई, आवास और कामकाजी परिवारों को समर्थन देना रहा. उनकी प्रमुख योजनाओं में किराये पर नियंत्रण (Rent Stabilization), फ्री चाइल्डकेयर की दिशा में कदम और न्यूनतम वेतन को 25 डॉलर प्रति घंटा तक बढ़ाना शामिल है.
अपर्णा राज ने पांच उम्मीदवारों वाले मुकाबले में जीत हासिल की. उन्हें कई लेबर यूनियनों और प्रोग्रेसिव संगठनों का समर्थन मिला, जिनमें डीसी लेबर फेडरेशन, वॉशिंगटन टीचर्स यूनियन, वर्किंग फैमिलीज पार्टी, यूनाइट हियर लोकल 25, अमलगामेटेड ट्रांजिट यूनियन लोकल 689, UFCW 400, कम्युनिकेशंस वर्कर्स ऑफ अमेरिका और सिएरा क्लब डीसी चैप्टर शामिल हैं. चुनाव परिणामों के मुताबिक, एएनसी कमिश्नर मिगुएल ट्रिनडाडे डेरामो दूसरे स्थान पर रहे, जबकि एएनसी कमिश्नर राशिदा ब्राउन तीसरे स्थान पर रहीं.
यह भी पढ़ें: अब श्रीलंका पर अमेरिका का फोकस, दो सीनियर अफसर दौरे पर, क्या है प्लान?
जैकी रेयेस यानेस और गैर-लाभकारी संस्था के प्रमुख टेरी लिंच शुरुआती दौर की मतगणना में बाहर हो गए. अब अपर्णा राज नवंबर में होने वाले आम चुनाव में अन्य दलों के उम्मीदवारों का सामना करेंगी. हालांकि, वार्ड-1 में लगभग 78 प्रतिशत पंजीकृत मतदाता डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े होने के कारण, उन्हें जनवरी में शुरू होने वाले नए कार्यकाल में वार्ड की अगली काउंसिल सदस्य बनने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
रोहित शर्मा