चीन ने रक्षा मंत्री ली शांगफू को किया बर्खास्त, दो महीनों से हैं लापता

चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है. मार्च में रक्षा मंत्री बने ली को 29 अगस्त को भाषण देने के बाद से नहीं देखा गया था. नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति ने पूर्व विदेश मंत्री किन गैंग को भी राज्य पार्षद के पद से हटाने के लिए मतदान किया. इसके साथ  दो और मंत्रियों पर एक्शन लिया है. 

Advertisement
ली शांगफू ली शांगफू

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 24 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 9:28 PM IST

पिछले दो महीनों से लापता चल रहे चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है. मार्च में रक्षा मंत्री बने ली को 29 अगस्त को भाषण देने के बाद से नहीं देखा गया था. नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति ने पूर्व विदेश मंत्री किन गैंग को भी राज्य पार्षद के पद से हटाने के लिए मतदान किया. इसके साथ  दो और मंत्रियों पर एक्शन लिया है. 

Advertisement

कहां हैं रक्षा मंत्री ली शांगफू? 

रिपोर्ट्स के मुताबिक रक्षा मंत्री को आखिरी बार सार्वजनिक तौर पर 29 अगस्त 2023 को देखा गया था. उन्हें आखिरी बार तीसरे चीन-अफ्रीका पीस एंड सिक्योरिटी फोरम को संबोधित करते देखा गया था. चीन-अफ्रीका फोरम से पहले रक्षा मंत्री को रूस में एक सुरक्षा सम्मेलन में देखा गया था. 

रूस के साथ बैठक के दौरान शांगफू ने अमेरिका पर निशाना भी साधा था. रक्षा मंत्री के गायब होने की अटकलों के बीच चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग ने सेना में एकता और स्थिरता का आह्वान किया है. बता दें कि ली शांगफू को मार्च 2023 में रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था. वह पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना में स्टेट काउंसिलर के पद पर भी रह चुके हैं

कैबिनेट से बर्खास्तगी और गायब होने का सिलसिला 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल जुलाई में चीन के विदेश मंत्री किन गांग को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया था. हालांकि, उनकी बर्खास्तगी का कोई कारण नहीं बताया गया था. गांग को राष्ट्रपति शी जिनपिंग का बेहद करीबी माना जाता था. 

Advertisement

ऐसा कहा जाता है कि चीन के विदेश मंत्री और स्टेट काउंसलर के पद तक उनकी तरक्की दोगुनी रफ्तार से हुई थी. लेकिन अब उतनी ही हैरानी उनके रहस्यमय तरीके से गायब होने की भी रही. किन गांग को पद से हटाए जाने के बाद रॉकेट फोर्स के लीड जनरल ली युचाओ और जनरल लिउ गुआंगबिन को भी राष्ट्रपति जिनपिंग ने पद से हटा दिया था. ये दोनों अधिकारी भी कई महीनों से लापता हैं. बता दें कि इन सभी को सीधे शी जिनपिंग ने ही पहले नियुक्त किया था.

अमेरिका ने लगाया प्रतिबंध

बताते चलें कि ली शांगफू पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया हुआ है. रूस से हथियार खरीद की देखरेख के संबंध में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया. जिसके कारण वह यूएस में प्रवेश नहीं कर सकते. चीन ने तब से अमेरिकी सेना के साथ संपर्क तोड़ दिया है. इसके अलावा अमेरिका की ओर से ताइवान को हथियार देने को लेकर भी चीन नाराज है. चीन ने अमेरिकी प्रतिबंधों को नहीं माना है. इसके अलावा उसने कहा है कि ली के खिलाफ यह प्रतिबंध हटाने होंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »