पश्चिम बंगाल में 1 जून से आयुष्मान भारत और अन्नपूर्णा भंडार योजना शुरू होने जा रही है. इसके साथ ही महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले एक रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की थी कि अगर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, तो 1 जून से महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. यह वादा पार्टी के घोषणापत्र में भी शामिल था.
महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत बीजेपी ने 1 जून से ₹3000 डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) लागू करने का वादा किया था. टीएमसी की लक्ष्मी भंडार योजना के तहत मिलने वाले ₹1500 डीबीटी का मुकाबला करने के लिए बीजेपी ने यह बड़ा चुनावी वादा किया था. पार्टी ने इस राशि को दोगुना करने की बात कही थी.
फिलहाल योजना की प्रक्रिया और नियमों पर काम चल रहा है, लेकिन सरकार ने सैद्धांतिक रूप से इसे लागू करने का फैसला कर लिया है. सुवेंदु सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी मौजूदा सामाजिक योजना बंद नहीं की जाएगी.
बता दें, पिछले एक दशक में केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच कई योजनाओं को लेकर लगातार टकराव देखने को मिला था. कई केंद्रीय योजनाएं राज्य में लागू नहीं हो सकीं, जबकि कुछ को नाम बदलकर लागू किया गया. वहीं, जमीन आवंटन, प्रशासनिक मंजूरी और अन्य प्रक्रियात्मक कारणों से कई परियोजनाएं वर्षों तक अटकी रहीं. अब केंद्र सरकार इन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रही है.
एक्शन मोड में शुभेंदु
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार ने कई बड़े फैसलों पर काम शुरू कर दिया है. इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधायकों के साथ बैठक में कोयला खनन, बालू खनन और कैटल हाट को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने साफ कहा कि कट मनी कल्चर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
विधायकों से सतर्क रहने को कहा गया है. अगर कहीं कोई गड़बड़ी या अनियमितता दिखे, तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं.
बता दें, बंगाल विधानसभा चुनावों में इस बार जबरदस्त उलटफेर हुआ है. बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है. भवानीपुर में शुवेंदु अधिकारी ने पूर्व सीएम ममता बनर्जी को 15,114 वोटों से हराया है. शुभेंदु ने भवानीनीपुर के साथ-साथ नंदीग्राम से भी जीत दर्ज की.
तपस सेनगुप्ता