कोलकाता में दुर्गा पूजा के जश्न के बीच सप्तमी की शाम चोरबागान पूजा पंडाल में बड़ा हादसा हो गया. उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में भारी भीड़ और बारिश के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस हादसे में 17 लोगों की मौत हुई है और करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
हादसे के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पूजा आयोजक भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंच चुके हैं.
कोलकाता में भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है. प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
राष्ट्रपति ने जताया दुख
दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. राष्ट्रपति ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
ममता बनर्जी ने जताया दुख
इस हादसे पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जताया है. उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत देने के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की.
TMC विधायक कुणाल घोष ने भी घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को मेडिकल कॉलेज ले जाने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि हादसा कैसे और क्यों हुआ, इसकी जानकारी बाद में सामने आएगी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता लोगों को बचाना और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज कराना है.
राज्यपाल ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रवि ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
अमित शाह ने जताया दुख
दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है. अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कल के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. गृह मंत्री ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की.
राजनाथ सिंह ने जताया दुख
घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. राजनाथ सिंह ने कहा कि इस हादसे से प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है. उन्होंने प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने की बात कही.
राहुल गांधी ने जताया शोक
भगदड़ की घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है. राहुल गांधी ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. राहुल गांधी ने प्रशासन से अपील की कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और हादसे की निष्पक्ष जांच हो, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत कार्य में हर संभव मदद करने की अपील भी की.
पुलिस ने क्या कहा
कोलकाता पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान भारी भीड़ के चलते चोरबागान के शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ की घटना हुई. यह घटना 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7.40 बजे गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में हुई. हादसे के बाद घायलों को रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) की टीमें मौके पर भेजी गईं. एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम भी पहुंची. फिलहाल पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है.
TMC ने सरकार पर साधा निशाना
कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ की घटना को लेकर TMC ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. TMC ने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक मौके पर न तो पुलिस थी, न सिविक वॉलंटियर्स, न एंबुलेंस और न ही भीड़ को संभालने की व्यवस्था थी.
TMC ने कोलकाता पुलिस और BJP के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार से इन गंभीर चूकों को लेकर जवाब मांगा है. पार्टी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को इतनी लापरवाही से नहीं लिया जा सकता. TMC ने कहा कि जैसे-जैसे मृतकों की संख्या बढ़ रही है, जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या शुभेंदु अधिकारी इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देंगे? TMC ने यह भी कहा कि जिस दिन अमित शाह पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं, उसी दिन राज्य को इस दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा है. पार्टी ने इसे राज्य की शर्मनाक स्थिति बताया.
अनुपम मिश्रा / तपस सेनगुप्ता / इंद्रजीत कुंडू