गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 साल के सूर्य की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वीडियो में कुछ युवक सूर्य को घेरकर उस पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने सूर्य को बुलाया गया था, जहां पहले से मौजूद युवकों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.