यूपी के इटावा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां थाना सिविल लाइन क्षेत्र के तोड़ा गांव में प्रॉपर्टी डीलर आनंद उर्फ महबूब राजपूत की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि इस हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी. पुलिस के मुताबिक, पहले पति को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और जब वह बेहोश हो गया तो पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसका गला घोंट दिया. इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी आशिकी देवी और उसके कथित प्रेमी शिवम राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
12 जुलाई की रात मिली थी संदिग्ध मौत की सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 12 जुलाई की देर रात थाना सिविल लाइन क्षेत्र के तोड़ा गांव से एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया. शुरुआती तौर पर मौत संदिग्ध लग रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि आनंद उर्फ महबूब राजपूत की मौत गला घोंटने से हुई है. रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी. इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की और संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी आशिकी देवी को हिरासत में लिया.
पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी महिला गुमराह करती रही, लेकिन जब उससे साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी पत्नी ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले शिवम राजपूत से कथित प्रेम संबंध थे. पति आनंद इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था, जिससे दोनों के बीच विवाद होता रहता था. इसी वजह से उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
दूध में मिलाया नशीला पदार्थ, फिर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले योजना के तहत आनंद को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. जब वह बेहोश हो गया और विरोध करने की स्थिति में नहीं रहा, तब पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद इसे सामान्य मौत या संदिग्ध घटना का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस जांच के दौरान मृतक की पत्नी और शिवम राजपूत के बीच कथित प्रेम संबंधों की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्य आरोपियों के बयान की पुष्टि करते हैं.
घटना में इस्तेमाल सामान भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से जुड़े कई अहम सामान भी बरामद किए हैं. इनमें घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, मृतक की सोने की अंगूठी और दो मोबाइल फोन शामिल हैं. इन सभी को कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई. वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मृतक की पत्नी तथा उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों ने पूछताछ में हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने की बात स्वीकार की है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
अमित तिवारी