UP: बाराबंकी में महादेव मंदिर परिसर में करंट से दो लोगों की मौत, मचा हड़कंप

बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बड़ी त्रासदी हुई है. करेंट की चपेट में आने से दो राहगीरों की मौत हो गई. घटना मेला क्षेत्र में पुलिस चौकी के पास घटी, जब बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर गया. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement
करंट लगने से दो लोगों की मौत (Photo: AI-generated) करंट लगने से दो लोगों की मौत (Photo: AI-generated)

सैयद रेहान मुस्तफ़ा

  • बाराबंकी,
  • 03 अगस्त 2025,
  • अपडेटेड 11:14 PM IST

यूपी के बाराबंकी में सावन के चौथे सोमवार से पहले लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया. मंदिर परिसर के मेला क्षेत्र में बिजली के खंभे में उतरे करेंट से दो राहगीरों की मौत हो गई, जिससे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. घटना रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर के पास रविवार को हुई.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर के समीप स्थित पुलिस चौकी के पास लाई, चाट और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों के सामने यह हादसा हुआ. मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे हजारों श्रद्धालुओं के बीच अचानक बिजली के खंभे में तेज करंट दौड़ गया. कई लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

हादसे में दो लोगों की मौत

रामनगर के इंस्पेक्टर अनिल पांडे ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में एक की पहचान गोबरहा गांव निवासी संजय (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि दूसरा व्यक्ति मसौली थाना क्षेत्र का निवासी है, जिसकी पहचान की जा रही है. दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि संबंधित खंभे में पहले से करंट आने की शिकायतें कई बार की जा चुकी थीं, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की.

प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की बात कही है. इसके साथ ही बिजली व्यवस्था की फिर से जांच करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »