गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाली सौतेली मां ज्योति ने ईडब्ल्यूएस फ्लैट में 3 साल की मासूम बच्ची वंशिका की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी.यह खौफनाक वारदात 16 मई को उस वक्त हुई जब बच्ची का पिता नितेश ड्यूटी पर गया हुआ था. गुस्से में आकर महिला ने रोने से परेशान होकर खाना खाते समय बच्ची का गला घोंट दिया. बच्ची के ताऊ अमित कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी महिला ज्योति को गैस गोदाम नायफल रोड के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ड्यूटी से लौटे पिता को मिली बेसुध बेटी
मूल रूप से अलीगढ़ के खैर क्षेत्र का रहने वाला नितेश वेव सिटी स्थित फ्लैट में क्रेन ऑपरेटर का काम करता है. उसने करीब डेढ़ साल पहले अपनी पहली पत्नी विनेश को छोड़ दिया था और दूसरी पत्नी ज्योति के साथ रह रहा था.
पहली पत्नी के दो बच्चे वंशिका और दर्श भी पिता के साथ ही रहते थे. 16 मई की शाम जब नितेश ड्यूटी से घर वापस लौटा, तो उसकी तीन साल की मासूम बेटी वंशिका बेसुध हालत में पड़ी मिली. बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया.
ताऊ की शिकायत पर खुला हत्या का राज
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के ताऊ अमित कुमार ने सौतेली मां ज्योति पर बच्ची की हत्या का शक जताते हुए पुलिस को शिकायत दी. एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वेव सिटी थाना पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान ज्योति टूट गई और उसने खुद कबूल कर लिया कि उसी ने गुस्से में आकर मासूम वंशिका को मौत के घाट उतारा है.
'अक्सर रोती थी और परेशान करती थी'
पुलिस पूछताछ में आरोपी ज्योति ने रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा किया. ज्योति ने बताया कि वंशिका उसे बिल्कुल पसंद नहीं थी. वह अक्सर रोती रहती थी और उसे काफी परेशान करती थी. वारदात वाले दिन भी मासूम बच्ची बार-बार रो रही थी. इसी बात से गुस्से में आकर ज्योति ने खाना खाते समय मासूम का गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं. इस दिल दहला देने वाली घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भारी आक्रोश व्याप्त है.
मयंक गौड़