यूपी के सहारनपुर में ITC रोड पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर हुई बुलडोजर कार्रवाई अब सियासी मुद्दा बनती जा रही है. इसी कड़ी में नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद 5 मई को जिला पहुंचे और प्रभावित इलाकों का दौरा किया. बताया जा रहा है कि हसनपुर चौक से लेकर सर्किट हाउस तक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कई मकानों पर बुलडोजर चलाया गया था, जिससे खासतौर पर दलित परिवारों में नाराजगी देखी जा रही है. सांसद ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं.
अपने दौरे के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद ने साफ शब्दों में कहा कि दलितों और गरीबों के घरों पर अन्यायपूर्ण तरीके से बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा. उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर किसी निर्दोष परिवार के घर को नुकसान पहुंचाया गया तो इसका विरोध सड़क से लेकर सदन तक किया जाएगा. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई को मजबूती से उठाया जाएगा और किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, सांसद ने मौके पर मौजूद ठेकेदार से फोन पर बात कर सख्त नाराजगी जताई और उसे मौके पर बुलाने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कार्रवाई नियमों के तहत है तो कोई दिक्कत नहीं, लेकिन अगर गलत तरीके से किसी का घर तोड़ा गया तो वह खुद सामने आकर इसका विरोध करेंगे. दलित बस्तियों में पहुंचकर उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली, जिससे इलाके में सियासी हलचल और तेज हो गई.
इसी मुद्दे को लेकर अब आंदोलन की तैयारी भी शुरू हो गई है. सांसद चंद्रशेखर ने 7 मई को डीएम कार्यालय पर धरने का ऐलान किया है, जिसे शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि गरीबों के आशियाने उजड़ने नहीं दिए जाएंगे और जरूरत पड़ी तो बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा. सहारनपुर में ITC रोड बुलडोजर विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं.
राहुल कुमार