उत्तर प्रदेश में झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम पूरा से एक ऐसा हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया है. महज कुछ सेकंड की इस घटना में तीन जिंदगियां मौत के मुंह में जाने से बाल-बाल बच गईं. हादसा इतना खतरनाक था कि जिसने भी इसका CCTV फुटेज देखा, उसकी सांसें थम गईं. वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे 'यमराज को चकमा देने वाला हादसा' बता रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, पूरा गांव निवासी अजय यादव पुत्र हुकुम यादव तेज गति से बाइक चला रहा था. बताया जा रहा है कि अचानक बाइक का अगला ब्रेक लग जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और बाइक का पहिया फिसल गया. इसके बाद बाइक सड़क पर बेकाबू होकर करीब 20 से 25 मीटर तक घिसटती चली गई.
उसी दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति अपने छोटे बच्चे के साथ पैदल जा रहा था. बाइक जिस दिशा में फिसल रही थी, उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि एक बड़ा हादसा होना तय है. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. तेज रफ्तार बाइक दोनों के बेहद करीब पहुंचकर रुक गई और न तो बाइक चालक को गंभीर चोट आई और न ही सड़क किनारे चल रहे पिता-पुत्र इसकी चपेट में आए.
CCTV कैमरे में कैद इस पूरी घटना को देखकर लोग हैरान हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ ही इंच की दूरी ने तीन लोगों की जान बचा ली. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाइक की रफ्तार थोड़ी और अधिक होती या उसका रुख थोड़ा भी बदल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
फिलहाल यह CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे देखकर यही कह रहे हैं कि'जाको राखे साइयां, मार सके न कोय.'
अजय झा