मेरठ: घर से सब्जी लेने निकली किशोरी को किडनैप कर जंगल में किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. घर से सब्जी लेने निकली किशोरी को मोहल्ले के ही एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर टेंपो में अगवा किया और जंगल ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है.

Advertisement
मेरठ में नाबालिग लड़की से रेप. (Photo: Representational ) मेरठ में नाबालिग लड़की से रेप. (Photo: Representational )

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:51 PM IST

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के लिसाड़ी गांव में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार बताया जा रहा है.

Advertisement

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर की है. किशोरी घर के बाहर सब्जी लेने के लिए निकली थी. तभी मोहल्ले का ही रहने वाला उवैश अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. उन्होंने जबरन किशोरी को एक टेंपो में बैठा लिया और उसे बिजली बंबा बाईपास के पास स्थित जंगल की तरफ ले गए.

नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे जबरदस्ती कोई नशीला पदार्थ पिला दिया था. नशे की हालत में मुख्य आरोपी उवैश ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. किशोरी काफी समय तक उनके चंगुल में रही. देर रात जब उसे मौका मिला, तो वह किसी तरह वहां से भाग निकली और अपने घर पहुंची. घर पहुंचकर उसने रोते हुए परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई.

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता की मां उसे लेकर तुरंत समर गार्डन चौकी पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लिसाड़ी गेट पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी उवैश को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब घटना में इस्तेमाल किए गए टेंपो और फरार दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है.

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी

इस मामले पर जानकारी देते हुए सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल ने बताया कि पुलिस को किशोरी के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच में सामने आया है कि उवैश नाम के व्यक्ति ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा किया और वारदात को अंजाम दिया. इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »