मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी के मोबाइल में एक युवक का आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद पति घर छोड़कर चला गया. घर से निकलने के बाद उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह जहरीला पदार्थ खाते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी को बताया और कहा कि उसकी लाश को कोई हाथ न लगाए. इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है और उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है.
घटना के 11 दिन बाद पत्नी ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के अनुसार मेरठ के पांडव नगर में रहने वाली सुनीता देवी गुरुवार को सिविल लाइन थाने पहुंचीं और अपने पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली हैं और फिलहाल अपने पति और दो बच्चों के साथ मेरठ के पांडव नगर में रहती हैं. उनके पति ड्राइविंग का काम करते हैं.
सोशल मीडिया पर जहरीला पदार्थ खाते हुए वीडियो किया पोस्ट
सुनीता देवी के मुताबिक 19 जुलाई को उनके पति ने उनके मोबाइल फोन में एक युवक का आपत्तिजनक, नग्न अवस्था वाला वीडियो देख लिया था. वीडियो देखने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद के बाद वह अपने काम पर चली गईं. इसी दौरान उनके पति घर से निकल गए. महिला का आरोप है कि घर छोड़ने के बाद उनके पति ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में वह जहरीला पदार्थ खाते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी मौत के लिए उनकी पत्नी जिम्मेदार होगी और उनकी लाश को कोई हाथ न लगाए.
महिला का कहना है कि वीडियो पोस्ट करने के बाद से उनके पति का मोबाइल फोन बंद है. उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. 11 दिन तक खोजबीन करने के बाद उन्होंने पुलिस की मदद लेने का फैसला किया और सिविल लाइन थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई. इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक जहरीला पदार्थ खाते हुए दिखाई दे रहा है. हालांकि उसकी वर्तमान स्थिति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है और मामले के हर पहलू को खंगाल रही है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मामले में सिविल लाइन के क्षेत्राधिकारी विश्वज्योति राय ने बताया कि एक महिला ने अपने पति के लापता होने की सूचना दी है. इस संबंध में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है. पुलिस जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. फिलहाल पुलिस लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है. साथ ही सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
उस्मान चौधरी