लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि युवक ने अपनी पहचान और धर्म छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शोषण किया और इस दौरान उससे पैसे व जेवर भी हड़प लिए.
पीड़िता का कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात आलमबाग के रहने वाले जुबैर से हुई थी. उसने अपना नाम करन बताया था और हिंदू होने का दावा किया. आरोपी ने पहले दोस्ती की, फिर शादी का भरोसा देकर युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया. इस दौरान वह उसे अलग-अलग जगहों पर ले गया और नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया. आरोप है कि उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए और बाद में यौन शोषण करता रहा.
जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, इसी बीच जांच-पड़ताल में उसे पता चला कि करन का असली नाम जुबैर है. इसके बाद आरोपी शादी से बचने लगा. युवती का आरोप है कि बिजनेस में इनवेस्टमेंट और अन्य जरूरतों का हवाला देकर आरोपी ने उससे कैश और जेवरात भी ले लिए, जिन्हें वापस नहीं किया.
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी और उसके परिजनों ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया. उसे बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया. धर्म परिवर्तन करने पर 12 लाख रुपये दिलाने का लालच दिया गया. जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. इसी के साथ वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर जुबैर और उसके परिजनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है. युवती का मेडिकल कराया जा रहा है और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों के प्रयास किए जा रहे हैं.
आशीष श्रीवास्तव