उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक सूने मकान में 15 साल नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया.
पीड़िता विशेष रूप से सक्षम है और मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है. इस मामले में पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दिनेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ये पूरी वारदात जानकीपुरम थाना क्षेत्र की है. मुख्य आरोपी दिनेश कश्यप और उसके एक अज्ञात साथी ने मिलकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया.
बहला-फुसलाकर खाली पड़े मकान में ले गए आरोपी
आरोपी मानसिक रूप से पीड़ित किशोरी को अकेले पाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. वो उसे इलाके के ही एक खाली पड़े मकान में ले गए, जहां दोनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया. इस खौफनाक घटना का पता जब पीड़ित किशोरी के परिवार को चला, तो घर में कोहराम मच गया.
इसके बाद पीड़ित किशोरी की मां ने हिम्मत दिखाई और सीधे थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मां की तहरीर पर जानकीपुरम थाने में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. पुलिस की टीमों ने दबिश देकर मुख्य आरोपी दिनेश कश्यप को चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: 12वीं की छात्रा से रेप, घर और होटल में बनाए शारीरिक संबंध, गर्भवती होने पर खुला राज
दूसरे संदिग्धों से पूछताछ जारी
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस इस मामले में शामिल दूसरे अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गई है. पुलिस ने वारदात में शामिल होने के शक में कुछ दूसरे युवकों को भी हिरासत में लिया है. पकड़े गए इन संदिग्धों से थाने में पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
आशीष श्रीवास्तव