कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित मकराबर्टगंज इलाके में रविवार को B.Ed प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया. परीक्षा केंद्र जाने से पहले दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने पहुंचे लोगों के नीचे नाले पर बनी जर्जर पटान (स्लैब) अचानक टूट गई, जिससे कई लोग सीधे नाले में जा गिरे. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, एच.एन. मिश्रा इंस्टीट्यूट के पास स्थित नगर निगम मार्केट में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने पहुंचे थे. रविवार होने और परीक्षा का दिन होने की वजह से दुकानों पर काफी भीड़ थी. इसी दौरान दुकान के सामने बने नाले की पुरानी और कमजोर पटान पर एक साथ कई लोग खड़े हो गए.
यह भी पढ़ें: कानपुर में अनोखा पेट्रोल पंप! कार की टंकी 45 की, तेल भरा 52 लीटर, गाड़ी मालिक के उड़े होश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिक भार पड़ने के कारण जर्जर पटान अचानक भरभराकर टूट गई. देखते ही देखते वहां खड़े कई अभ्यर्थी और उनके परिजन नाले में जा गिरे. हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. नाले में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई. हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अभिभावक को इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा.
हादसे के कारण कई अभ्यर्थियों के कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी खराब हो गए. हालांकि, स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से स्थिति जल्द सामान्य कर ली गई. इसके बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई.
देखें वीडियो...
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित किया और आवागमन को सुचारु कराया. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई.
मामले में एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम ने बताया कि नाले पर बनी पटान काफी पुरानी और जर्जर थी. एक साथ अधिक संख्या में लोगों के खड़े होने के कारण वह टूट गई. उन्होंने कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी अभ्यर्थी सुरक्षित रूप से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच गए.
हादसे का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की व्यवस्थाओं और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले पर बनी पटान काफी समय से खराब हालत में थी, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई थी.
सिमर चावला