उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे (NH-9) पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के स्याना चौपला के पास हुए इस हादसे में बिजनौर निवासी तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा.
पुलिस के मुताबिक दिल्ली से बिजनौर जा रही एक स्कॉर्पियो कार के सामने अचानक एक गाय आ गई. चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पलटते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया. वहां सामने से आ रही एक अर्टिगा कार से उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रहे कुछ अन्य वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ गए.
हादसे के बाद हाईवे पर लग गया था जाम
हादसे की सूचना मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
दुर्घटना के कारण दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया. हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में एनएच-09 पर स्कॉर्पियो के सामने गाय आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. स्कॉर्पियो पलटकर दूसरी लेन में चली गई और अर्टिगा से टकरा गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और आठ लोग घायल हुए हैं.
देवेंद्र कुमार शर्मा