उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी रचाने के चार दिन बाद दूल्हा दुल्हन को मायके छोड़ गया. आरोपी दूल्हे ने शादी से असंतोष जताते हुए एक लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग रख दी.
शादी के चार दिन बाद छोड़ा मायके
कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित पंचम पुरवा गांव निवासी शीतला देवी का विवाह अधिकारियों की मौजूदगी में ठठिया थाना क्षेत्र के मुचुआपुर उमरन निवासी देवेंद्र से हुआ था. गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली शीतला देवी की शादी दोनों परिवारों की सहमति से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में कराई गई थी. लेकिन शादी के महज चार दिन बाद आरोपी देवेंद्र यह कहकर उसे मायके छोड़ आया कि वह इस शादी से संतुष्ट नहीं है और दोबारा बारात लेकर आएगा.
दहेज में 1 लाख नकद और बाइक की मांग
मायके छोड़ने के दौरान आरोपी देवेंद्र ने एक लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग रख दी. उसने कहा कि जब दहेज मिलेगा तभी वह बारात लाकर विदाई कराएगा और घर ले जाएगा. पीड़िता शीतला देवी ने अपनी आर्थिक स्थिति और गरीबी का हवाला देकर मिन्नतें कीं, लेकिन देवेंद्र अपनी मांग पर अड़ा रहा और मानने को तैयार नहीं हुआ.
पुलिस से नहीं मिली राहत तो पहुंची कोर्ट
पीड़िता शीतला देवी ने न्याय के लिए पहले पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद पीड़िता ने अदालत की शरण ली. कोर्ट के कड़े आदेश के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने शीतला देवी की तहरीर के आधार पर आरोपी देवेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
नीरज श्रीवास्तव