उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी. साथ ही उसने बेटे को भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया. वो जान बचाकर किसी तरह घर से भागा और अपने नाना को वारदात की सूचना दी. इस बीच आरोपी पति ने खुद पुलिस को कॉल करके अपनी पत्नी की हत्या की खबर दी. उसने पुलिस को बताया कि पत्नी की लाश घर में पड़ी है. सुनते ही थाने में हड़कंप मच गया. आनन फानन में कॉल ट्रेस की गई. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लिया. पुलिस ने कमरे से साक्ष्य जुटाए और डेडबॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
20 साल की शादी और पत्नी की दर्दनाक हत्या
घटना 3 मार्च मंगलवार देर रात 1 से डेढ़ बजे की है. खजनी थाना अंतर्गत आरोपी 44 साल के अशोक निषाद धाधूपार गांव में अपनी 40 साल की पत्नी नीलम देवी के साथ रहता था. दोनों की करीब 20 साल पहले साल 2006 में शादी हुई थी. दोनों को एक 17 साल का बेटा बेटा सूरज और 14 साल की बेटी सृष्टि हैं. वारदात के वक्त दोनों घर में ही सो रहे थे. पति-पत्नी का अक्सर विवाद होता रहता था. अशोक को पत्नी पर अवैध संबंध का शक था. 3 मार्च मंगलवार को देर रात करीब 1 बजे की घटना है. अचानक रात में नीलम के चिल्लाने की आवाज आई.
चारों ओर खून ही खून, देखकर चिल्लाया बेटा
अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी नीलम पर हमला किया, फिर बगल में रखे फावड़े से उसका गला काट दिया. चारों ओर खून ही खून फैल गया. ये सब देखकर बेटा सूरज चिल्लाया तो अशोक ने उसे भी फावड़ा लेकर दौड़ा लिया. वो वहां से भागा और गांव के बाहर जाकर अपने महुआपार निवासी नाना राजेंद्र निषाद को कॉल करके घटना की जानकारी दी.पुलिस के आने तक अशोक नीलम की लाश के पास कमरे में ही बैठा था. बेटी सृष्टि पुलिस के साथ थी.
अवैध संबंध का शक
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर रात में ही थाने ले गई. बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे वापस आरोपी को लेकर घर पहुंची और सीन रीक्रिएट किया. लोगों से पूछताछ की. कत्ल में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया.अशोक निषाद कुछ दिन पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था. कुछ सालों से वह गांव में ही रहकर खेती और पशुपालन करने लगा. उसे शक था कि उसकी पत्नी का कहीं अवैध संबंध है. महिला के पिता राजेन्द्र निषाद की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति अशोक को हिरासत में ले लिया है.
गजेंद्र त्रिपाठी