गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, अब इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा

गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं. इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वालों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद देने का भरोसा दिया गया. साथ ही अधिकारियों को आयुष्मान कार्ड पात्र लोगों को तुरंत जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके.

Advertisement
आयुष्मान कार्ड बनवाने में देरी पर सख्त हुए सीएम योगी (Photo: ITG) आयुष्मान कार्ड बनवाने में देरी पर सख्त हुए सीएम योगी (Photo: ITG)

aajtak.in

  • गोरखपुर,
  • 15 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:28 PM IST

गोरखपुर में रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए. सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यक्ति की समस्या अनसुनी नहीं की जाएगी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

Advertisement

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर करीब 150 लोग जनता दर्शन में पहुंचे थे. इस दौरान कई लोग अपने व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिले. खास तौर पर बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे.

इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा: CM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को इलाज के लिए पैसे की जरूरत है, उनके अस्पताल से इलाज का अनुमान (एस्टिमेट) जल्द तैयार कराया जाए और उसे सरकार को भेजा जाए. इसके बाद मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज का खर्च वहन किया जाएगा.

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जो लोग आयुष्मान कार्ड के पात्र हैं लेकिन किसी कारणवश अब तक कार्ड नहीं बनवा पाए हैं, उन्हें जल्द से जल्द कार्ड जारी किया जाए. इससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी.

Advertisement

शिकायतों का समयबद्ध समाधान जरूरी: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना है. जनता दर्शन कार्यक्रम को सरकार जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम मानती है.

सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनता से प्राप्त शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी सख्त रखी गई थी.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement