लखनऊ के बख्शी का तालाब इलाके में स्थित तेजस अस्पताल के डॉक्टर विजय गिरी ने 18 मई को इलाज के लिए भर्ती हुई एक छात्रा को नशीला इंजेक्शन देकर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया. पीड़ित छात्रा को स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण अस्पताल में दाखिल कराया गया था. उपचार के बहाने आरोपी डॉक्टर ने मरीज को ऑपरेशन थिएटर के अंदर अकेला बुलाया और वहां मौजूद महिला स्टाफ समेत पीड़िता के पिता को बाहर भेज दिया. इसके बाद डॉक्टर ने पीड़िता को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया और उसके साथ यौन उत्पीड़न की वारदात को अंजाम दिया.
होश आने पर खुला खौफनाक राज
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ) ट्विंकल जैन ने पत्रकारों को बताया कि इंजेक्शन का असर कम होने पर पीड़ित छात्रा को अपने साथ हुई इस हैवानियत का अहसास हुआ. छात्रा ने तुरंत आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है.
आरोपी डॉक्टर हिरासत में, सीतापुर का है निवासी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर विजय गिरी मूल रूप से सीतापुर जिले के तंबौर इलाके का रहने वाला है. वारदात की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है. पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा एक्शन
इस सनसनीखेज मामले का संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सख्त कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने तेजस अस्पताल को तुरंत सील करने और आरोपी डॉक्टर का मेडिकल लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं. इसके साथ ही आयुर्वेद विभाग को डॉक्टर की आयुर्वेदिक मेडिकल डिग्री जब्त करने के निर्देश दिए हैं ताकि वह भविष्य में कभी भी चिकित्सा कार्य न कर सके.
आशीष श्रीवास्तव