UP News: इटावा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महोबा की चरखारी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत का बयान चर्चा का विषय बन गया. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अपनी ही सरकार और एक मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों और किसानों की लड़ाई लड़ने पर कुछ लोगों के 'पेट में दर्द' होने लगा है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभी उन्होंने 'तलवार उठाई नहीं है' और लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं.
दरअसल, विधायक ब्रजभूषण राजपूत इटावा में आयोजित 'मिशन अवंती: वीरांगना अवंती बाई लोधी प्रतिभा सम्मान समारोह' में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे. कार्यक्रम में लोधी राजपूत समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कई राजनीतिक संकेत देने वाले बयान दिए.
गरीबों और किसानों की लड़ाई का किया जिक्र
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि गरीब और किसान अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं. जब उन्होंने अधिकारियों से सीधे बात कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने की कोशिश की और जरूरत पड़ने पर अपनी ही पार्टी के मंत्री से भी टकराने लगे, तब कई लोगों को यह रास नहीं आया.
उन्होंने कहा, "गरीबों और किसानों की लड़ाई में जब मैं अपनी ही पार्टी के मंत्री से लड़ने लगा तो बहुत से लोगों के पेट में दर्द होने लगा. कुछ लोग मेरा राजनीतिक करियर खत्म करने की बातें करने लगे."
'नदी के किनारे बैठकर समुद्र को नापना छोड़ दो'
ब्रजभूषण राजपूत ने अपने विरोधियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा, "अरे नादानो, नदी के किनारे बैठकर समुद्र को नापना छोड़ दो. अभी तो हम अपनी मर्यादाओं में रहकर जनता, किसानों और नौजवानों को न्याय दिलाने की बात कर रहे हैं."
'अभी तलवार उठाई नहीं है...'
अपने भाषण में उन्होंने आगे कहा, "अभी तो हमने तलवार उठाई नहीं है और तलवार उठाने का इतिहास हमारा पुराना है. लेकिन अब लोकतांत्रिक व्यवस्था है और हम लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने के लिए तैयार हैं."
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से भी समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि समाज के नौजवान कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगे तो उत्तर प्रदेश में लोधी समाज को सबसे आगे ले जाने का काम किया जाएगा.
अमित तिवारी