उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र में जंगल के पास तीन शव मिलने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी. पुलिस ने अब इस मामले में प्रारंभिक जांच के आधार पर कई अहम तथ्य सामने आने की बात कही है. पुलिस के मुताबिक मृत महिला और युवक के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध थे, जबकि दोनों रिश्ते में देवर-भाभी बताए जा रहे हैं.
यह मामला खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के नेहरूपुर रेलवे लाइन के किनारे स्थित जंगल का है. यहां कुछ लोगों ने जंगल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में तीन शव पड़े देखे थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतकों में 32 वर्षीय देवी सरकार, 25 वर्षीय सरल सरकार और सात साल की बच्ची सबून्ति शामिल हैं. इनमें से महिला देवी सरकार का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि युवक सरल सरकार और बच्ची सबून्ति के शव जमीन पर पड़े हुए थे.
पुलिस के अनुसार तीनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी थे और खुर्जा में रहकर पॉटरी उद्योग से जुड़े काम में लगे हुए थे. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृत महिला और युवक के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे. बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद वह घर से करीब दस हजार रुपये लेकर चली गई थी.घटना के बाद पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
मुकुल शर्मा