उत्तर प्रदेश के बांदा में सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि ट्रक की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और उनकी पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें: तंत्र-मंत्र से पैसा डबल! बांदा में झांसा देकर ठगी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार,75 हजार से ज्यादा कैश बरामद
शादी का बचा सामान लौटाने गए थे दोनों युवक
दरअसल, यह हादसा मटौंध थाना क्षेत्र के गौरिहार रोड पर हुआ है. पुलिस के अनुसार आलमपुर गांव निवासी 24 वर्षीय प्रदीप अपने एक साथी के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रहा था.
परिजनों ने बताया कि परिवार में 24 जून को शादी का कार्यक्रम हुआ था. शादी के बाद बचा हुआ सामान वापस करने के लिए दोनों युवक दुकान गए थे. सामान लौटाने के बाद जब वे घर वापस आ रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे के बाद मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. शादी के कुछ ही दिन बाद हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने क्या कहा?
मटौंध थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच जारी है.
सिद्धार्थ गुप्ता