इंस्टाग्राम दोस्त के कहने पर महिला ने रची फर्जी कहानी, बांदा गैंगरेप केस में बड़ा खुलासा

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गैंगरेप की एक सनसनीखेज शिकायत ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था. लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी पूरी तरह बदल गई. पुलिस के मुताबिक, झांसी की रहने वाली महिला ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त के कहने पर फर्जी गैंगरेप की कहानी गढ़ी थी. मामले के पीछे ब्लैकमेलिंग और पुरानी रंजिश की साजिश सामने आई है.

Advertisement
ब्लैकमेलिंग और पुरानी रंजिश का निकला मामला.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG) ब्लैकमेलिंग और पुरानी रंजिश का निकला मामला.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:36 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा में गैंगरेप की कथित घटना को लेकर सामने आई शिकायत झूठी निकली. झांसी की रहने वाली एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसकी बेटी को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और कुकर्म जैसी गंभीर वारदात को अंजाम दिया.

महिला के आरोप बेहद गंभीर थे. उसने बताया था कि वह अपनी बेटी के साथ झांसी से बांदा घूमने आई थी. इसी दौरान कुछ लोग उसे मिले और कालिंजर किला घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए. आरोप था कि वहां तमंचे के बल पर उसकी बेटी को कब्जे में रखकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 25 लाख का लोन चाहिए था, नहीं मिला तो बिजली टावर पर चढ़ गया युवक, बांदा में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लिया और अपनी निगरानी में तीन अलग-अलग जांच टीमें गठित कर दीं. शुरुआती तौर पर मामला बेहद संवेदनशील माना गया और पुलिस ने हर पहलू की बारीकी से जांच शुरू की.

जांच में कहानी पर खड़े हुए सवाल

पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए. जांच के दौरान महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम में कई विरोधाभास मिले. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया.

एसपी पलाश बंसल के अनुसार, जांच में पता चला कि महिला झांसी की रहने वाली है और शादीशुदा है. उसके एक बच्ची भी है. घरेलू विवाद के चलते वह अपने पति से अलग रह रही थी. इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी कई लोगों से बातचीत शुरू हुई.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल से महिला की सोशल मीडिया पर कुछ युवकों से बातचीत चल रही थी. इसी दौरान उसने अपने एक ऑनलाइन दोस्त को कुछ निजी फोटो और वीडियो भेज दिए थे. बाद में उन फोटो और वीडियो को दूसरे युवक तक पहुंचा दिया गया.

फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल

जांच में सामने आया कि दूसरे युवक ने महिला को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को शादी का झांसा दिया और पैसों का लालच देकर बांदा बुलाया.

बदनामी के डर से महिला कालिंजर घूमने का बहाना बनाकर बांदा पहुंची. यहां उसकी मुलाकात उस युवक से हुई, जो कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था. पुलिस का कहना है कि इसी युवक ने महिला को गैंगरेप की कहानी बनाने के लिए तैयार किया और पूरी स्क्रिप्ट तैयार करवाई.

इसके बाद महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी. लेकिन जांच के दौरान जब पुलिस ने महिला और जिन लोगों पर आरोप लगाए गए थे, उन्हें आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ.

आमने-सामने होने पर नहीं पहचान सके एक-दूसरे को

पुलिस के मुताबिक, महिला ने साफ तौर पर कहा कि वह जिन लोगों के खिलाफ शिकायत कर रही है, उन्हें पहचानती तक नहीं है. दूसरी तरफ जिन लोगों के नाम शिकायत में दिए गए थे, उन्होंने भी महिला को जानने से इनकार कर दिया.

Advertisement

इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की तो एक पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया. जांच में पता चला कि मार्च 2025 में हुए एक गोलीकांड के मामले में एक आरोपी जेल गया था और मार्च 2026 में जेल से बाहर आया था.

पुलिस का दावा है कि उसी गोलीकांड से जुड़े पीड़ितों और गवाहों के नाम महिला की शिकायत में शामिल किए गए थे. इससे आशंका मजबूत हुई कि पुरानी दुश्मनी निकालने के लिए निर्दोष लोगों को झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची गई थी.

आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

डिप्टी एसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि 6 जून को महिला ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई. जांच में पाया गया कि महिला सोशल मीडिया के माध्यम से बांदा के एक युवक के संपर्क में आई थी.

पुलिस के अनुसार, उसी युवक ने महिला को ब्लैकमेल किया और शादी तथा पैसों का लालच देकर बांदा बुलाया. बाद में अपनी पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का षड्यंत्र रचा.

डिप्टी एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी और पूरे घटनाक्रम को स्वीकार किया है. पुलिस ने षड्यंत्र रचने वाले मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है. उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं. साथ ही महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. एसपी पलाश बंसल ने कहा कि पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »