शादी के 10 दिन बाद एक ही पेड़ पर लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका, अधूरी मोहब्बत का खौफनाक अंजाम

बांदा में एक युवक और युवती के शव गांव के बाहर एक ही पेड़ से लटके मिले. दोनों के बीच प्रेम संबंध था और शादी करना चाहते थे, लेकिन 7 मई को युवती की शादी कहीं और कर दी गई थी. ससुराल से लौटने के बाद वह घर से निकली और सुबह दोनों मृत मिले. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
सजधज कर घर से निकली थी दुल्हन.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG) सजधज कर घर से निकली थी दुल्हन.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:15 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा में एक युवक और युवती के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्चरी भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे. इसी बीच युवती की शादी 7 मई को कहीं और कर दी गई थी. शादी के बाद वह ससुराल से लौटकर गांव आई थी और मनचाही शादी न होने से नाराज बताई जा रही थी.

यह भी पढ़ें: 25 लाख का लोन चाहिए था, नहीं मिला तो बिजली टावर पर चढ़ गया युवक, बांदा में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

परिजनों के अनुसार मंगलवार रात युवती सजधज कर घर से निकली थी. इसके बाद परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.

गांव के बाहर पेड़ से लटके मिले दोनों शव

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. दोनों की पहचान कर शवों को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है.

Advertisement

मृतक चार बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर की थी, जबकि युवक दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़ा बताया गया है. ग्रामीणों के अनुसार दोनों साथ जीने-मरने की कसमें खा चुके थे और शादी करना चाहते थे. घटना मर्का थाना क्षेत्र के ग्राम अधाव की बताई जा रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, जुटाए जा रहे साक्ष्य

एएसपी शिवराज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए. शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर जानकारी जुटाई है कि युवती की शादी 7 मई को हुई थी और वह ससुराल से लौटकर गांव आई थी. रात में वह घर से निकल गई थी और सुबह गांव के एक युवक के साथ एक ही पेड़ पर लटकी मिली.

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement