बहन की शादी में भाई पर हमला, सिर में धंसी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा अस्पताल

बहराइच के पयागपुर क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बारात की अगवानी करने जा रहे युवक पर गांव के ही एक व्यक्ति ने पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. कुल्हाड़ी युवक के सिर में धंस गई. हालत गंभीर होने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
सिर में धंसी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा अस्पताल (Photo: itg) सिर में धंसी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा अस्पताल (Photo: itg)

राम बरन चौधरी

  • बहराइच,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:37 AM IST

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक शादी समारोह उस समय दहशत और मातम में बदल गया जब बारात की अगवानी की तैयारी कर रहे युवक पर गांव के ही एक व्यक्ति ने पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. वार इतना घातक था कि कुल्हाड़ी युवक के सिर में गहराई तक धंस गई. गंभीर हालत में उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है.

Advertisement

घटना पयागपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर माफी गांव की है. जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी मुलक राम निषाद की बेटी की शादी थी. घर में उत्सव का माहौल था और परिजन बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे. इसी दौरान मुलक राम के भतीजे कृष्ण कुमार अपने भाई दया शंकर के साथ बारात की अगवानी के लिए आगे बढ़ रहे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कृष्ण कुमार ने एक परिचित से हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया, तभी गांव के ही राजन चौहान ने पीछे से उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. वार सीधे सिर पर लगा और कुल्हाड़ी वहीं धंस गई. अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई और कृष्ण कुमार जमीन पर गिर पड़े.

परिजन तत्काल उन्हें लेकर पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे. डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज, बहराइच रेफर कर दिया. वहां भी स्थिति नाजुक बनी रही. चिकित्सकों ने सिर में धंसी कुल्हाड़ी निकालने को अत्यंत जोखिम भरा बताते हुए बिना उसे निकाले ही प्राथमिक उपचार कर सिर पर पट्टी बांधी और तत्काल लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले के पीछे पुराना विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर कारण स्पष्ट नहीं किया है.

इस बीच, जिस घर में कुछ देर पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजन अस्पताल के बाहर युवक की जिंदगी के लिए दुआ कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement