'...काला चश्मा इतना क्यों भाया है', होली पर CM योगी का वीडियो शेयर कर अखिलेश ने कसा तंज; सैफई में सपा का शक्ति प्रदर्शन

इटावा के सैफई में होली के मौके पर पूरा यादव कुनबा एक मंच पर नजर आया. अखिलेश यादव और शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली. इस दौरान सपा अध्यक्ष ने भाजपा की नीतियों और विदेश नीति पर जमकर प्रहार करते हुए 2027 में सरकार बनाने का संकल्प लिया.

Advertisement
होली पर अखिलेश का CM योगी पर तंज (Photo- Screengrab) होली पर अखिलेश का CM योगी पर तंज (Photo- Screengrab)

अमित तिवारी

  • इटावा ,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:07 PM IST

होली के मौके पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के निशाने पर एक बार फिर सीएम योगी आदित्यनाथ थे. उन्होंने सीएम योगी की रंग खेलने की दौरान की फोटो शेयर करते हुए तंज कसते हुए कहा- 'यूपी वाले पूछ रहे काला चश्मा इतना क्यों भाया है...'

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव ने बुधवार को सैफई में कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली मनाई. इस अवसर पर मंच से सपा परिवार ने एकजुटता दिखाते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जीत का नारा दिया. शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का आवाहन किया. अखिलेश ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार को अहंकारी बताते हुए पीडीए (PDA) की ताकत से उन्हें फिर से हराने की बात कही. उन्होंने वैश्विक युद्धों, तकनीक के दुरुपयोग और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा.

Advertisement

वहीं, सोशल मीडिया पर सीएम योगी की तवीर पोस्ट करते हुए लिखा- 'ऐसा कर्म क्यों करता वो कि सबसे आंख चुराता है. आते समय लगाया था, अब जाते समय लगाया है. यूपी वाले पूछ रहे काला चश्मा इतना क्यों भाया है?'

शिवपाल का आवाहन और 2027 का लक्ष्य

मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने चुनावी शंखनाद कर दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेशों का पालन करें. शिवपाल ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाना है. उन्होंने याद दिलाया कि 2012 में भी होली के बाद ही सपा की सरकार बनी थी, इसलिए तैयारी अभी से शुरू करनी होगी.

वैश्विक शांति और बीजेपी पर हमला

Advertisement

अखिलेश यादव ने दुनिया भर में हो रहे युद्धों और जान-माल के नुकसान पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा युद्ध के खिलाफ है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने शंकराचार्य तक को अपमानित किया है. अखिलेश ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ वस्त्र पहनने या कान छिदवाने से कोई योगी नहीं होता, योगी वही है जो माया से दूर रहे. उन्होंने भाजपा की विदेश नीति को 'जुगाड़ की नीति' करार दिया और इसकी कड़ी आलोचना की.

किसानों की बदहाली और महंगाई का मुद्दा

अखिलेश ने आर्थिक मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि आज सोना इतना महंगा है कि गरीब आदमी अपनी बेटियों की शादी में जेवर नहीं दे सकता. आलू किसानों की हालत खराब है और सरकार का कोई हिसाब-किताब नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अमेरिका के साथ ऐसा समझौता किया है जिससे जानवरों का चारा भी विदेश से आएगा. उन्होंने तंज कसा कि विदाई से पहले मुख्यमंत्री घूमने जा रहे हैं, जबकि प्रदेश में नौकरी और रोजगार का अभाव है.

सोशल मीडिया और जीत का संकल्प

अखिलेश ने नई पीढ़ी को सोशल मीडिया के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज के जमाने में कुछ भी छिपाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि भाजपा की झूठ की पोल खुल चुकी है. कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पास विधानसभाएं ज्यादा हैं और समय कम, इसलिए मेहनत ज्यादा करनी होगी. उन्होंने संकल्प दिलाया कि सैफई की इस धरती से ही 2027 की बड़ी जीत की शुरुआत होगी और PDA की ताकत भाजपा को दोबारा मात देगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »