मेरठ में 28 क्विंटल नकली पनीर बरामद, सगे भाई चला रहे थे फैक्ट्रियां, दिल्ली-उत्तराखंड तक होती थी सप्लाई

मेरठ में सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. खाद्य विभाग की टीम ने दो भाइयों द्वारा संचालित नकली पनीर फैक्ट्रियों पर छापा मारकर भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और खतरनाक केमिकल बरामद किए हैं. प्रशासन ने दोनों फैक्ट्रियों को सील कर माल नष्ट कर दिया है.

Advertisement
मेरठ की फैक्ट्री में तैयार होता था नकली पनीर (Photo- Screengrab) मेरठ की फैक्ट्री में तैयार होता था नकली पनीर (Photo- Screengrab)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 17 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:00 PM IST

लखनऊ से आई खाद्य विभाग की विशेष टीम और मेरठ पुलिस ने गुरुवार को जानी थाना क्षेत्र के नगला कुंभा गांव में नकली पनीर बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर छापेमारी की. सगे भाई हामिद और जाबिर अपने गांव में अवैध रूप से मिलावटी पनीर तैयार कर दिल्ली, उत्तराखंड और एनसीआर के जिलों में सप्लाई कर रहे थे. शिकायत के आधार पर आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में हामिद की फैक्ट्री से 16 क्विंटल और जाबिर की फैक्ट्री से 12 क्विंटल नकली पनीर बरामद हुआ. टीम ने पनीर के साथ मौके से भारी मात्रा में पामोलिन तेल, मैदा और संदिग्ध केमिकल बरामद कर पूरा स्टॉक नष्ट करा दिया. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए.

Advertisement

खतरनाक केमिकल से बनता था पनीर

छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी ने बताया कि फैक्ट्रियों से 5300 लीटर दूध के अलावा 510 लीटर रिफाइंड पामोलिन तेल, 35 किलो मैदा और नीले रंग का संदिग्ध केमिकल मिला है. 

इन सामग्रियों का इस्तेमाल करके नकली पनीर और डेयरी प्रोडक्ट बनाए जा रहे थे. टीम ने बरामद सामान के नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए हैं और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है.

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने फरार आरोपी भाइयों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, यह पनीर गिरोह बड़े पैमाने पर एनसीआर के बाजारों में मिलावटी माल खपा रहा था. 

फिलहाल, फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. खाद्य विभाग ने साफ किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement