रसगुल्ले को बताया ‘शुगर सिरप वाली इडली’, फिर शशि थरूर ने दिया ऐसा जवाब कि हो गया वायरल

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में रसगुल्ले की तुलना चीनी की चाशनी में डूबी इडली से की गई, जिसके बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पर जवाब दिया.

Advertisement
थरूर ने कहा कि इडली कोई साधारण फीका केक नहीं है(Photo: @JayasreeVijayan/X) थरूर ने कहा कि इडली कोई साधारण फीका केक नहीं है(Photo: @JayasreeVijayan/X)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:53 PM IST

कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक बार फिर अपने खास अंदाज और शानदार अंग्रेजी के कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि इडली और रसगुल्ले को लेकर छिड़ी ऑनलाइन बहस बनी. एक यूजर ने रसगुल्ले को 'चीनी की चाशनी में डूबी इडली' बता दिया, जिसके बाद थरूर ने ऐसा जवाब दिया कि इंटरनेट पर लोगों की हंसी नहीं रुक रही.

Advertisement

कहां से शुरू हुई बहस

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सयंतिका नाम की एक सोशल मीडिया यूजर ने बंगाली मिठाइयों जैसे मिष्टी दोई और नोलेन गुड़ेर रसगुल्ले का जिक्र करते हुए पूछा कि गैर-बंगाली लोगों को इनके स्वाद के बारे में कैसे समझाया जाए। इसी पोस्ट पर एक अन्य यूजर ने रसगुल्ले को 'सबसे ओवररेटेड मिठाई' बताते हुए उसकी तुलना “चीनी की चाशनी में डूबी इडली” से कर दी.

इसके बाद एक यूजर ने मजाक में लिखा कि अगर यह बात शशि थरूर तक पहुंच गई तो 'भाषाई हत्या' देखने को मिलेगी. कुछ ही देर में थरूर ने खुद जवाब दे दिया और उनका पोस्ट वायरल हो गया.

थरूर ने लिखा कि रसगुल्ले की तुलना इडली से करना सिर्फ एक पाक कला संबंधी गलती नहीं, बल्कि एक गहरा ब्रह्मांडीय भ्रम है. उन्होंने आगे कहा कि दोनों बिल्कुल अलग दुनिया से आते हैं. उन्होंने छेना को दूध से बना नाजुक और शुद्ध पदार्थ बताया, जबकि इडली को चावल और उड़द दाल के खमीर वाले बैटर से तैयार की गई बेहतरीन डिश कहा.

Advertisement

देखें पोस्ट

उन्होंने लिखा कि दोनों का स्वाद, बनावट, संरचना और अस्तित्व का उद्देश्य पूरी तरह अलग है. इसके बाद थरूर ने इडली की जमकर तारीफ की और उसे दुनिया की सबसे शानदार कुकिंग इंजीनियरिंग में से एक बताया.

थरूर ने कहा कि इडली कोई साधारण फीका केक नहीं है, बल्कि यह बायोटेक्नोलॉजी का शानदार उदाहरण है. उन्होंने बताया कि सही इडली बनाने के लिए पूरी रात सही तरीके से फर्मेंटेशन करना पड़ता है, जिससे वह हल्की, पौष्टिक और स्वादिष्ट बनती है. उन्होंने यह भी कहा कि इडली सांभर, मिलागा पोड़ी और घी के साथ सबसे बेहतरीन लगती है.

अपने पोस्ट के अंत में थरूर ने लिखा कि अगर किसी को रसगुल्ला पसंद नहीं है तो उसकी आलोचना अलग से की जा सकती है, लेकिन इडली को इस बहस में घसीटना ठीक नहीं.

थरूर के इस जवाब पर सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने उनके अंदाज की तारीफ की, तो कुछ ने कहा कि उन्होंने इडली को 'संवैधानिक सुरक्षा' दे दी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement