Thailand Tightens Visa Rules: दुनिया भर के टूरिस्ट्स के बीच बेहद पॉपुलर थाईलैंड अपने वीजा नियमों को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है. घूमने के लिए भारत से भी हर साल न जाने कितने लोग थाईलैंड जाते हैं, जहां की नाइट लाइफ भी दुनियाभर में मशहूर है. मगर थाईलैंड अब अपने वीजा नियमों को लेकर सख्त रुख अपनाने जा रहा है. नए नियमों के तहत अब कई देशों के लोगों को मिलने वाली 60 दिन की वीजा-फ्री एंट्री सुविधा खत्म कर दी जाएगी और उसकी जगह सिर्फ 30 दिन तक रुकने की इजाजत ही मिलेगी. विदेशी नागरिकों से जुड़े क्राइम बढ़ने और वीजा सिस्टम के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए थाई सरकार ने बड़ा फैसला लिया है.
थाई अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में विदेशी पर्यटकों से जुड़े कई मामले सामने आए हैं, इनमें चोरी, पब्लिक प्लेस पर अभद्र व्यवहार, ओवरस्टे और बिना इजाजत बिजनेस चलाने जैसी घटनाएं शामिल हैं. खासकर टूरिस्ट प्लेस पर कुछ विदेशी लोग लंबे समय तक रुककर अवैध तरीके से काम कर रहे थे. ऐसे में थाई सरकार को इस बात का भी डर है कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह इमिग्रेशन नियमों का गलत फायदा उठा रहे हैं. इसी वजह से इमिग्रेशन सिस्टम को और सख्त बनाने का फैसला लिया गया है.
93 देशों को मिलता था फायदा
जहां अब तक अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कई देशों समेत 93 देशों के नागरिकों को 60 दिन तक बिना वीजा थाईलैंड में रहने की अनुमति थी. लेकिन नए बदलाव के बाद यह टाइम लिमिट घटाकर 30 दिन कर दी जाएगी. सिर्फ इतना ही नहीं, वीजा-फ्री एंट्री पाने वाले देशों की संख्या भी कम की जाएगी. हालांकि सरकार ने अभी नई लिस्ट जारी नहीं की है.
वीजा बढ़ाने के लिए बतानी होगी वजह
थाई सरकार ने साफ कर दिया है कि जरूरत पड़ने पर टूरिस्ट इमिग्रेशन ऑफिस जाकर एक बार वीजा बढ़वा सकेंगे. लेकिन इसके लिए उन्हें यह बताना होगा कि वो ज्यादा समय तक क्यों रुकना चाहते हैं. वजह जानने के बाद वीजा बढ़ाने को लेकर आखिरी फैसला इमिग्रेशन अधिकारी ही करेंगे.
भारतीय पर्यटकों पर क्या और कितना असर पड़ेगा?
अगर आप थाईलैंड की यात्रा प्लान कर रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. हालिया बदलाव के तहत भारतीय नागरिक बिना वीजा के 60 दिनों तक थाईलैंड में रह सकते थे. वीजा नियमों में बदलाव के बाद फिर से पुरानी व्यवस्था पर वापस लौटना होगा, जिसके तहत वीजा-मुक्त रहने की अवधि घटकर 30 दिन हो सकती है. फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि वीजा-फ्री एंट्री पाने वाले देशों की लिस्ट भारत का नाम शुमार होता है या नहीं.
पर्यटन पर टिकी है थाई अर्थव्यवस्था
वीजा नियमों में बदलाव को लेकर सरकारी प्रवक्ता रचादा धनादिरेक ने कहा, टूरिस्ट देश की इकोनॉमी के लिए जरूरी हैं, लेकिन कुछ लोग मौजूदा व्यवस्था का गलत फायदा उठा रहे थे.
थाईलैंड की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर करती है. देश की GDP में पर्यटन का बड़ा हाथ है. कोविड महामारी के बाद अब तक पर्यटकों की संख्या पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है. वहीं ग्लोबल तनाव और बढ़ते हवाई किरायों का असर भी पर्यटन इंडस्ट्री पर ही पड़ रहा है. ऐसे में थाई सरकार अब पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
aajtak.in