हर साल लाखों श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंचते हैं, ज्यादातर लोग अपनी यात्रा पूरी करके सीधे घर लौट जाते हैं. लेकिन अगर आप लॉन्ग वीकेंड पर वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे हैं, तो आप वहां के आसपास की कुछ जगहों को आप एक्सप्लोर कर सकते है. वैष्णो देवी तो बहुत लोग जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि कटरा और उसके आसपास कई ऐसी खूबसूरत जगहें मौजूद हैं, जो प्राकृतिक सुंदरता, एडवेंचर और इतिहास का कॉम्बिनेशन है.
अगर आप इस साल वैष्णो देवी यात्रा प्लान कर रहे हैं और आपके पास एक या दो दिन ज्यादा हैं, तो इन छिपी हुई जगहों को अपनी ट्रिप का हिस्सा जरूर बनाएं.
सनासर – जम्मू का मिनी गुलमर्ग
अगर आप भीड़ से दूर किसी शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन जैसी जगह की तलाश में हैं, तो सनासर आपके लिए परफेक्ट है. कटरा से कुछ दूरी पर स्थित यह घास के मैदानों से घिरा सुंदर इलाका मिनी गुलमर्ग के नाम से भी मशहूर है. यहां पैराग्लाइडिंग, जोरबिंग और बोटिंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज का मजा लिया जा सकता है.
भीमगढ़ किला – इतिहास और खूबसूरत नजारों का संगम
कटरा से लगभग 25 किलोमीटर दूर रियासी में स्थित भीमगढ़ किला डोगरा वास्तुकला का शानदार उदाहरण है. पहाड़ी पर बने इस किले से आसपास की घाटियों और अंजी नदी का बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए यह जगह खास अट्रैक्ट कर सकती है. यहां लोगों की संख्या कम होने के कारण आप आराम से किले की खूबसूरती और इतिहास को करीब से महसूस कर सकते हैं.
नौ देवी गुफा मंदिर – रहस्य और आस्था का अनोखा मेल
कटरा से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित नौ देवी गुफा मंदिर एक अनोखा धार्मिक स्थल है. इस गुफा में एट्री करने के लिए संकरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जो एडवेंचर का मजा देता है. मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यहां मौजूद देवी की प्रतिमाएं प्राकृतिक चट्टानों से बनी मानी जाती हैं और इन्हें मां दुर्गा के नौ रूपों का प्रतीक माना जाता है. गुफा के पास बहता साफ पानी और शांत वातावरण इस जगह को और भी खास बनाता है.
सुल्ला पार्क और शिव कुंड – सुकून भरा प्राकृतिक ठिकाना
कटरा से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित सुल्ला पार्क स्थानीय लोगों के बीच काफी मशहूर है, लेकिन बाहरी पर्यटक अभी भी इसके बारे में ज्यादा नहीं जानते. अंजी नदी के किनारे बना यह पार्क हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों से सजा हुआ है. इसके पास ही शिव कुंड नाम का एक प्राकृतिक गर्म पानी का झरना भी बहता है, जिसके बारे में माना जाता है कि इसके पानी में औषधीय गुण पाए जाते हैं. फैमिली के साथ शांत समय बिताने और प्रकृति का लुफ्त उठाने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है.
बाबा धंसार – झरनों और हरियाली के बीच बसा स्वर्ग
कटरा से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित बाबा धंसार अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है. यहां तक पहुंचने के लिए हरियाली से घिरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. आगे बढ़ते ही एक शानदार झरना और प्राकृतिक गुफा दिखाई देती है, जो इस जगह को बेहद खास बनाती है. गुफा के अंदर स्थित शिवलिंग पर झरने का पानी लगातार गिरता रहता है, जिससे यहां का माहौल बेहद जादुई लगता है.
अगर आप इस बार वैष्णो देवी दर्शन के लिए जा रहे हैं, तो सिर्फ मंदिर तक सीमित न रहें. कटरा और आसपास मौजूद ये 5 छिपी हुई जगहें जरूर घूमें. लॉन्ग वीकेंड पर परिवार या दोस्तों के साथ इन जगहों की सैर आपके सफर को यादगार बना देंगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क