फीफा वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 32 की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. रविवार (28 जून) को ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच खेला गया मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा. इस नतीजे के चलते दोनों टीमें राउंड ऑफ 32 में पहुंच गईं. उधर लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर अपनी शानदार लय बरकरार रखी. अर्जेंटीना पहले ही नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुका था.
ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक रहा. दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया और अंततः मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ. दूसरी ओर मौजूदा विश्व चैम्पियन अर्जेंटीना ने दिखाया कि वह इस बार भी खिताब जीतने की सबसे बड़ी दावेदार है. मेसी की टीम ने ग्रुप स्टेज में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और अब उसकी नजरें नॉकआउट मुकाबलों पर हैं.
राउंड ऑफ 32 का सबसे दिलचस्प मुकाबला ब्राजील और जापान के बीच खेला जाएगा. जापान ने इस टूर्नामेंट में अपनी तेज रफ्तार और अनुशासित फुटबॉल से सभी को प्रभावित किया है. ऐसे में ब्राजील के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहेगा. इसके अलावा नीदरलैंड्स और मोरक्को के बीच होने वाला मैच भी बेहद कांटेदार हो सकता है. मोरक्को की टीम के स्टार डिफेंडर अशरफ हकीमी शानदार फॉर्म में हैं, जबकि नीदरलैंड्स की टीम अपनी आक्रामक शैली के लिए जानी जाती है.
राउंड ऑफ 32 में अर्जेंटीना का सामना 4 जुलाई को केप वर्डे से होगा. भारतीय समयानुसार यह मुकाबला सुबह 3:30 बजे शुरू होगा. वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाली टीम 3 जुलाई को क्रोएशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. टोरंटो में होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे शुरू होगा.
राउंड ऑफ 32 मैचों के शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)
♦ साउथ अफ्रीका vs कनाडा: 29 जून, रात 12:30 बजे
♦ ब्राजील vs जापान: 29 जून, रात 10:30 बजे
♦ जर्मनी vs पराग्वे: 30 जून, सुबह 2:30 बजे
♦ नीदरलैंड्स vs मोरक्को: 30 जून, सुबह 6:30 बजे
♦ आइवरी कोस्ट vs नॉर्वे: 30 जून, रात 10:30 बजे
♦ फ्रांस vs स्वीडन: 1 जुलाई, रात 2:30 बजे
♦ मेक्सिको vs इक्वाडोर: 1 जुलाई, सुबह 6:30 बजे
♦ इंग्लैंड vs कांगो: 1 जुलाई, रात 9:30 बजे
♦ बेल्जियम vs सेनेगल: 2 जुलाई, रात 1:30 बजे
♦ यूएसए vs बोस्निया एंड हर्जेगोविना: 2 जुलाई, सुबह 5:30 बजे
♦ स्पेन vs ऑस्ट्रिया: 3 जुलाई, रात 12:30 बजे
♦ पुर्तगाल vs क्रोएशिया: 3 जुलाई, सुबह 4:30 बजे
♦ स्विट्जरलैंड vs अल्जीरिया: 3 जुलाई, सुबह 8:30 बजे
♦ ऑस्ट्रेलिया vs मिस्र: 3 जुलाई, रात 11:30 बजे
♦ अर्जेंटीना vs केप वर्डे: 4 जुलाई, सुबह 3:30 बजे
♦ कोलंबिया vs घाना: 4 जुलाई, सुबह 7:00 बजे
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क