FIFA वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में बेल्जियम ने इतिहास की सबसे रोमांचक वापसी में से एक करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर अंतिम-16 (राउंड ऑफ 16) में जगह बना ली.
सिएटल में खेले गए इस मुकाबले में सेनेगल ने 85वें मिनट तक 2-0 की बढ़त बना रखी थी, लेकिन इसके बाद मैच पूरी तरह बदल गया. पहले हाफ में हबीब डियारा ने सेनेगल को बढ़त दिलाई, जबकि दूसरे हाफ की शुरुआत में इस्माइला सार ने शानदार गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. ऐसा लग रहा था कि सेनेगल आसानी से अगले दौर में पहुंच जाएगा.
हालांकि, 86वें मिनट में रोमेलू लुकाकू ने बेल्जियम के लिए पहला गोल कर वापसी की उम्मीद जगाई. इसके सिर्फ तीन मिनट बाद कप्तान यूरी टिलेमांस ने हेडर के जरिए बराबरी का गोल दागकर मुकाबले को अतिरिक्त समय में पहुंचा दिया.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup: मेक्सिको के गोल के साथ ही फट पड़ा इंटरनेट... हर जीत पर वायरल हो जाती है ये 'सेलिब्रेशन क्वीन'
एक्स्ट्रा टाइम के अंतिम क्षणों में VAR की मदद से बेल्जियम को पेनल्टी मिली. रीप्ले में पाया गया कि सेनेगल के लामिन कामारा ने टिलेमांस को फाउल किया था. टिलेमांस ने 125वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर बेल्जियम को 3-2 की यादगार जीत दिला दी.
यह विश्व कप इतिहास के सबसे देर से किए गए विजयी गोलों में से एक रहा. इस जीत के साथ बेल्जियम ने राउंड ऑफ 16 में प्रवेश कर लिया, जहां उसका सामना अमेरिका से होगा. दूसरी ओर, शानदार प्रदर्शन के बावजूद सेनेगल का विश्व कप अभियान दर्दनाक अंदाज में समाप्त हो गया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क