72 छक्के, 776 रन और 237.30 स्ट्राइक रेट... वैभव सूर्यवंशी IPL में जीत सकते हैं 5 बड़े अवॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी पर आईपीएल 2026 फाइनल के बाद इनामों की बरसात हो सकती है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इस पूरे आईपीएल सीजन में बेखौफ बल्लेबाजी की और अपनी टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम किरदार निभाया. वैभव अब इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर जाने वाले हैं.

Advertisement
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में तूफानी खेल दिखाया... (Photo: Reuters) वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में तूफानी खेल दिखाया... (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 31 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:00 AM IST

वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (2026) में बल्ले से तूफानी प्रदर्शन किया. 15 साल के वैभव ने 16 पारियों में 48.50 के एवरेज से 776 रन बनाए. इस दौरान वैभव ने 1 शतक और 5 अर्धशतक जड़े. वैभव की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) हालांकि फाइनल में नहीं पहुंच सकी. क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को गुजरात टाइटन्स (GT) के हाथों 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी. इस मुकाबले में भी वैभव ने जबरस्त प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बना दिए थे. 

Advertisement

वैभव सूर्यवंशी और राजस्थान रॉयल्स का आईपीएल 2026 में सफर तो खत्म हो चुका है, लेकिन इस युवा बल्लेबाज पर अवॉर्ड्स की बारिश होनी बाकी है. आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला 31 मई (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है, जिसके बाद प्राइज सेरेमनी में वैभव का जलवा देखने को मिल सकता है. वैभव को कुल 5 अवॉर्ड मिल सकते हैं.

1. वैभव सूर्यवंशी का 'इलेक्ट्रिक सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन अवॉर्ड जीतना तय है. इस अवॉर्ड के लिए उन्हीं खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया जाता है, जिन्होंने आईपीएल सीजन में मिनिमम 7 मैच खेले हो और कम से कम 100 गेंदों का सामना किया है. इस दौरान जिस प्लेयर का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा रहेगा, उसे ये अवॉर्ड मिलेगा. वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा सीजन में 237.30 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. इसके बाद फिन एलन (214.11), प्रियांश आर्य (211.62) और अभिषेक शर्मा (204.72) का नंबर आता है. वैभव के साथ-साथ ये तीनों ही धुरंधर खिताबी मुकाबले का हिस्सा नहीं होने वाले हैं. वैभव को इनाम के तौर पर Tata Sierra कार दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: रिकॉर्ड तोड़े, दुनिया हिला दी... वैभव की हेड कोच संगकारा ने की दिल खोलकर तारीफ, अब टीम इंडिया दूर नहीं!

Advertisement

2. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्के लगाए. उन्हें सबसे ज्यादा छक्के लगाने के लिए भी अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा. वैभव को यह अवॉर्ड जीतने के लिए प्राइज मनी के तौर पर 10 लाख रुपये मिलेंगे. वैभव के बाद आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ओपनर अभिषेक शर्मा (43) ने हिट किए. आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 41 छक्के जड़े हैं. हांलांकि पाटीदार का अब वैभव से आगे निकलना असंभव सा है.

3. वैभव सूर्यवंशी को 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' अवॉर्ड मिलने की पूरी संभावना है. इस अवॉर्ड के लिए उन खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है, जिनका जन्म 1 अप्रैल 2000 के बाद हुआ है और मौजूदा सीजन से पहले 25 से कम आईपीएल मुकाबले खेले हैं. साथ ही खिलाड़ी ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला हो और इससे पहले ये अवॉर्ड उसने नहीं जीता हो. प्रियांश आर्य, प्रिंस यादव भी इस अवॉर्ड को जीतने की दौड़ में हैं, लेकिन वैभव का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 में सफर खत्म, अब कहां खेलते दिखेंगे 'बेबी बॉस'? नोट कर लें तारीख

4. वैभव सूर्यवंशी को 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' अवॉर्ड भी मिल सकता है. वैभव सूर्यवंशी के फिलहाल 436.5 अंक हैं. वहीं गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के नाम 408 पॉइंट्स हैं और वो दूसरे नंबर पर हैं. रबाडा यदि फाइनल में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो वैभव ये अवॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. इस अवॉर्ड के तहत 15 लाख रुपये मिलते हैं. पिछले आईपीएल सीजन में यह अवॉर्ड सूर्यकुमार यादव ने जीता था.

Advertisement

5. वैभव सूर्यवंशी 776 रनों के साथ ऑरेंज कैप की रेस में भी फिलहाल टॉप पर हैं. वैभव के बाद गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजों शुभमन गिल (722 रन) और साई सुदर्शन (710 रन) का नंबर आता है. शुभमन गिल यदि फाइनल में 55 रन बनाते हैं तो ही वो वैभव को पछाड़ सकते हैं. वहीं सुदर्शन को 67 रनों की दरकार है. यदि शुभमन या सुदर्शन ऐसा नहीं कर सके, तो वैभव ऑरेंज कैप जीत लेंगे. साथ ही प्राइज मनी के तौर पर 10 लाख रुपये भी वैभव को मिलेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »