पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक अपनी गेंदबाजी से ज्यादा इन दिनों अपने एक्शन को लेकर हो रही बहस से परेशान हैं. हर बार किसी बड़े बल्लेबाज का विकेट लेने के बाद उनकी गेंदबाजी की वैधता पर सवाल उठाए जाते हैं. अब उन्होंने इस पूरे विवाद पर खुलकर नाराजगी जताई है और कहा है कि बल्लेबाजों का काम उनकी गेंदबाजी पर फैसला सुनाना नहीं है.
हाल ही में इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में ट्रेंट रॉकेट्स और बर्मिंघम फीनिक्स के मुकाबले के दौरान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड उस्मान की गेंद पर कैच आउट हुए. आउट होने के बाद डेविड ने अंपायर की ओर देखकर नो-बॉल का इशारा किया, मानो वह उस्मान के गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठा रहे हों. इससे पहले दुबई में इंटरनेशनल टी20 लीग के दौरान इंग्लैंड के टॉम बैंटन भी ऐसा कर चुके हैं.
उस्मान ने एक इंटरव्यू में कहा, 'यह बल्लेबाजों का काम नहीं है कि वे मेरी गेंदबाजी पर फैसला दें. मैदान पर अंपायर और मैच रेफरी इसी जिम्मेदारी के लिए मौजूद हैं. अगर अंपायर मुझे गेंदबाजी करने की अनुमति दे रहे हैं तो इसका मतलब है कि मेरा एक्शन पूरी तरह वैध है.'
उन्होंने कहा कि हर बार विकेट लेने के बाद उनके एक्शन पर सवाल उठना बेहद निराशाजनक है. उनके मुताबिक, अब अंपायरों और मैच अधिकारियों को इस तरह के व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए.
उस्मान ने टॉम बैंटन का जिक्र करते हुए कहा, "दुबई में जब उन्होंने भी ऐसा किया था, तब मैंने उन्हें आउट करने के बाद अपनी बात साफ-साफ बता दी थी.'
अश्विन भी कर चुके हैं समर्थन
भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पहले भी उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन का बचाव कर चुके हैं. अश्विन का कहना रहा है कि उस्मान का रन-अप और डिलीवरी स्ट्राइड भले अलग दिखता हो, लेकिन वह नियमों के खिलाफ नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह की गेंदबाजी करना आसान नहीं, बल्कि काफी मुश्किल है.
उस्मान तारिक को एक बार पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए रिपोर्ट किया गया था. हालांकि बाद में ICC की जांच में उनका एक्शन पूरी तरह वैध पाया गया और उन्हें क्लीन चिट मिल गई.
इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ. इस साल ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन भी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान उनके एक्शन पर सवाल उठाते नजर आए थे.
'स्पिनरों के लिए टी20 में कोई रहम नहीं'
उस्मान का कहना है कि आधुनिक टी20 क्रिकेट में स्पिनरों के लिए पहले ही बल्लेबाजों के खिलाफ टिकना मुश्किल हो गया है. ऐसे में वह अपनी गेंदबाजी में लगातार नई-नई विविधताएं लाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं.
उन्होंने कहा, 'अब यह सब बंद होना चाहिए, टी20 क्रिकेट में स्पिनरों पर कोई रहम नहीं किया जाता. इसलिए मुझे अपनी विविधताओं पर लगातार मेहनत करनी पड़ती है और हर गेंद पर पूरी तरह फोकस रखना होता है.'
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क