NEET-UG पेपर लीक विवाद और छात्रों के देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शन को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है. इस घटना ने देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. इंसाफ की गुहार लगाने के लिए लाखों छात्र सड़क पर उतर आए हैं. इस तनावपूर्ण समय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का एक ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने अपने पोस्ट में कुछ ऐसा कहा है, जिस पर छात्र लगातार उन्हें ट्रोल कर रहे हैं.
शिखर धवन पर फूटा छात्रों का गुस्सा
शिखर धवन ने देश के युवाओं से धैर्य रखने और सरकार व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखने की अपील की है. लेकिन उनकी यह बात छात्र और उनके फैन्स को पसंद नहीं आया. लोगों ने गब्बर को निशाने पर लेते हुए उन्हें बुरी तरह से ट्रोल कर रहे हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर से इन दिनों कई तस्वीरें ओर वीडियो सामने आ रही है. सरकार पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
सरकार के पक्ष में बोलना पड़ा भारी
शिखर धवन ने एक्स पर देश के माहौल को देखते हुए लिखा कि हमारे युवा हमारे देश का भविष्य हैं. उनके सपनों को समझना आवश्यक है, लेकिन इसके साथ ही कठिन समय में धैर्य बनाए रखना और देश के संस्थानों व सरकार पर विश्वास रखना भी उतना ही जरूरी है. मेरा मानना है कि हर चुनौती का समाधान धैर्य से ही निकलता है. भारत हमेशा आगे बढ़ा है और आगे भी प्रगति करता रहेगा.
ये भी पढ़ें- IND vs ZIM LIVE, 1st T20I Live: पहली ही गेंद पर मयंक यादव ने झटका विकेट, भारत की धमाकेदार शुरुआत
ट्रोल्स के निशाने पर आए गब्बर
शिखर धवन के इस पोस्ट के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. छात्रों और यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लेते हुए ट्रोल करना शुरू कर दिया. एक यूजर ने लिखा कि साहब, करियर का सवाल है. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब भ्रष्टाचार के कारण लाखों बच्चों का भविष्य अंधकार में लटका हो, तब धैर्य रखने का उपदेश देना बेहद आसान है.
यूजर्स का कहना था कि धवन ने सीधे तौर पर पेपर लीक या छात्रों के साथ हुई धांधली की निंदा करने के बजाय एक गोलमोल और सिस्टम के पक्ष में बयान दे दिया. कुछ लोगों ने तंज कसते हुए लिखा कि क्रिकेट मैदान की असफलता और सालों की मेहनत के बाद पेपर लीक होने के दर्द में जमीन-आसमान का फर्क होता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क