भारतीय क्रिकेट फैन्स के बीच इन दिनों सबसे अधिक चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है. जिम्बाब्वे के खिलाफ वैभव ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए सबसे अधिक 151 रन बनाने में सफलता हासिल की. वैभव के इस धमाकेदार प्रदर्शन ने फैन्स के साथ-साथ क्रिकेट के दिग्गजों का ध्यान भी अपनी ओर खींचने का काम किया.
इंग्लैंड दौरे पर भले ही वैभव का बल्ला खामोश रहा हो, लेकिन ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में उन्होंने बल्ले से गजब की तबाही मचाई. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस धमाकेदार पारी से आलोचकों की बोलती बंद करते हुए एक बार फिर टी20 फॉर्मेट में अपना लोहा मनवाया है.
वैभव को लेकर रॉबिन उथप्पा का बड़ा दावा
भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और दो बार के आईपीएल चैम्पियन रॉबिन उथप्पा ने अब वैभव को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने वैभव के खेलने के स्टाइल की तुलना क्रिकेट के सर्वकालिक महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन से कर दी है. रॉबिन उथप्पा ने एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा कि जैसे डॉन ब्रैडमैन को रोकने के लिए गेंदबाजों ने बॉडीलाइन गेंदबाजी का सहारा लिया था, कुछ वैसा ही वैभव के साथ भी देखा जा सकता है.
ब्रैडमैन की तरह खेलते हैं वैभव?
रॉबिन उथप्पा के मुताबिक वैभव की बल्लेबाजी तकनीक ब्रैडमैन से काफी मिलती-जुलती है. ब्रैडमैन कभी एलबीडब्ल्यू आउट नहीं होते थे. वैभव के साथ भी कुछ ऐसा ही है. अभी तो गेंदबाज समझ ही रहे हैं कि वैभव किस तरह बैटिंग करते हैं. आने वाले समय में देखना दिलचस्प होगा कि विरोधी टीमें उन्हें रोकने के लिए क्या रणनीति अपनाती हैं.
वैभव का खेलने का अलग है अंदाज
उथप्पा ने आगे कहा कि अगर वैभव अपने मौजूदा तूफानी स्ट्राइक रेट के साथ 40 के पार का औसत बरकरार रखते हैं तो वह आधुनिक क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ी साबित होंगे. जैसे एमएस धोनी ने अपने अनोखे स्टाइल से राज किया, वैसे ही वैभव भी अपने अंदाज में खेल रहे हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क