Mohammad Hafeez Pakistan Cricket: पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल है कि थमने का नाम नहीं ले रहा है. वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है. कप्तान और कोच सबको हटा दिया गया. नए लोगों की भर्ती हुई. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन तक बदले गए.
मगर पाकिस्तान क्रिकेट में अब भी रार थम नहीं रही है. टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद 4 साल के लिए नियुक्त किए गए डायरेक्टर मोहम्मद हफीज को 2 महीनों में ही हटा दिया गया. इसके बाद अब हफीज ने पीसीबी को सबकी पोल खोलने की खुलेआम धमकी दी है.
हफीज ने वर्ल्ड कप के बाद संभाली थी कमान
बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तानी टीम का खराब प्रदर्शन रहा था. टीम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई थी. इसके बाद टीम निदेशक के रूप में हफीज को नियुक्त किया गया था. हालांकि फिर भी प्रदर्शन में सुधार नहीं हुआ.
इसके बाद भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की 3-0 से हार और टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड से 4-1 की हार के दौरान हफीज ने टीम के डायरेक्टर के रूप में जिम्मेदारी ली थी. मगर अब पद से हटाए जाने के बाद हफीज ने ये भी खुलासा किया कि उन्हें चार साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट की पेशकश की गई थी लेकिन बाद में इसे घटाकर दो महीने का कर दिया गया.
सोशल मीडिया के जरिए सरेआम दी ये धमकी
हफीज ने कहा कि वह उन सभी गैर-क्रिकेट तथ्यों का भी खुलासा करेंगे, जिन्होंने टीम के खराब प्रदर्शन में मदद की. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा, 'मैंने हमेशा सम्मान और गौरव के साथ पाकिस्तान को प्राथमिकता दी है और उसका प्रतिनिधित्व किया है. मैंने पॉजिटिव सुधार करने के लिए बड़े जुनून के साथ पीसीबी निदेशक के रूप में नई भूमिका स्वीकार की, लेकिन दुर्भाग्य से पीसीबी द्वारा चार साल के लिए प्रस्तावित मेरे कार्यकाल को दो महीने में समाप्त कर दिया गया.'
पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान हफीज ने आगे कहा, 'पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य के लिए शुभकामनाएं. हमेशा की तरह मैं सबसे पहले जिम्मेदारी लेता हूं और दिए गए समय में अपने सभी कार्यों के लिए खुद को जवाबदेह बनाता हूं. अब सभी क्रिकेट और अन्य शौकिया गैर-क्रिकेट तथ्यों का खुलासा करूंगा जो खराब प्रदर्शन का कारण बने हैं.'
हफीज की लंबी बैठकों से परेशान थे प्लेयर
ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद हफीज की उनके बहानेबाजी के लिए आलोचना की गई थी. उन्होंने पहले अभ्यास मैच के लिए पिच की आलोचना की और बाद में कहा कि पाकिस्तान ने बॉक्सिंग डे टेस्ट में बेहतर क्रिकेट खेला, जहां टीम को 79 रन से हार का सामना करना पड़ा.
उन्होंने पाकिस्तान की हार के लिए डीआरएस और खराब अंपायरिंग को भी जिम्मेदार ठहराया. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि हफीज की लंबी टीम बैठकों के कारण खिलाड़ी उनसे खुश नहीं थे.
aajtak.in