मोहसिन खान ने IPL 2026 में शानदार गेंदबाजी करते हुए केकेआर के खिलाफ 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. लखनऊ सुपर जॉयंट्स के इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट झटके और विरोधी टीम की बल्लेबाजी को पूरी तरह हिला दिया. यह उनका IPL करियर का पहला 5 विकेट हॉल था.
कैसे गिराए विकेट?
इस मुकाबले में मोहसिन का पहला शिकार टिम सिफर्ट बने, जो 3 गेंद में बिना रन बनाए आउट हो गए. इसके बाद उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे (10 रन) को आउट किया. फिर रोवमैन पॉवेल (1 रन) को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया. आखिर में उन्होंने खतरनाक ग्रीन (34 रन) और अनुकूल रॉय (0) को लगातार दो गेंदों में आउट कर दिया.
बनाया ये खास रिकॉर्ड
मोहसिन का 5/23 का स्पेल IPL में अनकैप्ड (बिना इंटरनेशनल मैच खेले) भारतीय खिलाड़ियों में तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है.
यह भी पढ़ें: LSG vs KKR, IPL 2026 Live Score: लखनऊ की बल्लेबाजी जारी, केकेआर ने दिया है 156 रनों का लक्ष्य
मोहसिन खान से पहले ऐसा करने वाले गेंदबाज:
* आकाश मधवाल – 5/5 (2023)
* अंकित राजपूत – 5/14 (2018)
* अब मोहसिन खान – 5/23 (2026)
* उमरान मलिक – 5/25 (2022)
* हर्षल पटेल – 5/27 (2021)
IPL 2026 में प्रदर्शन
इस मैच से पहले मोहसिन के 3 मैच में 4 विकेट थे, लेकिन अब उनके 9 विकेट हो गए हैं. उनकी औसत 11.33 और इकॉनमी 8.15 है. कुल IPL करियर में उन्होंने 28 मैच में 36 विकेट लिए हैं.
चोट के बाद शानदार वापसी
मोहसिन खान चोट के कारण 2025 सीजन नहीं खेल पाए थे, लेकिन LSG ने उन पर भरोसा जताया. अब उन्होंने वापसी करते हुए साबित कर दिया कि वह पूरी तरह फिट हैं. मोहसिन ने कहा, मैं बिल्कुल फिट हूं, मैंने ऑफ-सीजन में कड़ी मेहनत की है और अब सब ठीक चल रहा है.
LSG के लिए 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज
* मार्क वुड – 5/14 (2023)
* मोहसिन खान – 5/23 (2026)
* यश ठाकुर – 5/30 (2024)
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क