इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ऑरेंज कैप का इतिहास देखें तो ज्यादातर बार यह खिताब ओपनर्स या नंबर-3 के बल्लेबाजों ने जीता है. नई गेंद, ज्यादा गेंदें खेलने का मौका और पावरप्ले का फायदा हमेशा टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को मिला.आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप पर हमेशा ओपनर्स और टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों का दबदबा रहा है.
विराट कोहली, डेविड वॉर्नर, क्रिस गेल और जोस बटलर जैसे दिग्गजों ने पारी की शुरुआत करते हुए यह खिताब जीता. लेकिन कोई मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज अब तक ऑरेंज कैप अपने नाम नहीं कर पाया है. ऐसा लग रहा है कि इस सीजन यह परपंरा टूट सकती है. सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन जैसी फॉर्म में हैं, उससे वो ऑरेंज कैप जीतने के सबसे तगड़े दावेदार हैं.
साउथ अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन ने इस आईपीएल सीजन बेहद आक्रामक बल्लेबाजी कर सबका दिल जीत रखा है. क्लासेन इस आईपीएल सीजन में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. क्लासेन ने 12 मैचों में 50.80 के एवरेज और 153.93 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 508 रन बनाए हैं. इस आईपीएल सीजन क्लासेन ने 23 छक्के भी जड़े हैं. आईपीएल 2026 में हेनरिक क्लासेन ने अब तक 5 अर्धशतक जड़े हैं.
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने सबसे ज्यादा 3 बार ऑरेंज कैप जीती. क्रिस गेल और विराट कोहली 2-2 बार यह खिताब जीत चुके हैं. विराट कोहली के नाम पर एक आईपीएल सीजन (2016) में सबसे ज्यादा 973 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है.
IPL में ऑरेंज कैप विजेताओं की लिस्ट
| सीजन | विजेता | रन |
| 2008 | शॉन मार्श (पंजाब किंग्स) | 616 |
| 2009 | मैथ्यू हेडन (चेन्नई सुपर किंग्स) | 572 |
| 2010 | सचिन तेंदुलकर (मुंबई इंडियंस) | 618 |
| 2011 | क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 608 |
| 2012 | क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 733 |
| 2013 | माइकल हसी (चेन्नई सुपर किंग्स) | 733 |
| 2014 | रॉबिन उथप्पा (कोलकाता नाइट राइडर्स) | 660 |
| 2015 | डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) | 562 |
| 2016 | विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 973 |
| 2017 | डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) | 641 |
| 2018 | केन विलियमसन (सनराइजर्स हैदराबाद) | 735 |
| 2019 | डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) | 692 |
| 2020 | केएल राहुल (पंजाब किंग्स) | 670 |
| 2021 | ऋतुराज गायकवाड़ (चेन्नई सुपर किंग्स) | 635 |
| 2022 | जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स) | 863 |
| 2023 | शुभमन गिल (गुजरात टाइटन्स) | 890 |
| 2024 | विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 741 |
| 2025 | साई सुदर्शन (गुजरात टाइटन्स) | 759 |
आईपीएल का 19वां सीजन अब अपने अंतिम मोड़ पर है. अगर हेनरिक क्लासेन इसी तरह अपनी बल्लेबाजी से दम दिखाते हैं और अंत तक टॉप पर बने रहते हैं, तो यह सिर्फ एक ऑरेंज कैप नहीं होगी, बल्कि आईपीएल के बल्लेबाजी ट्रेंड को बदल देने वाली बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी.
(Report: Vijay Singh)
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क