विदेशी कोच आए, गए... अब माइक स्मिथ क्या बदल पाएंगे पाकिस्तान की बल्लेबाजी?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर माइक स्मिथ को दो साल के लिए राष्ट्रीय टीम का नया बल्लेबाजी कोच बनाया है. इंग्लैंड दौरे से पहले टीम से जुड़ने वाले स्मिथ के सामने पाकिस्तान की कमजोर बल्लेबाजी सुधारने के साथ-साथ विदेशी कोचों के असफल रहने के सिलसिले को तोड़ने की भी बड़ी चुनौती होगी.

Advertisement
PSL 2026 में माइक स्मिथ मुल्तान सुल्तान्स के बल्लेबाजी कोच थे. (Photo- X) PSL 2026 में माइक स्मिथ मुल्तान सुल्तान्स के बल्लेबाजी कोच थे. (Photo- X)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 5:09 PM IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर माइक स्मिथ को दो साल के लिए राष्ट्रीय टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है. स्मिथ इंग्लैंड दौरे से पहले टीम से जुड़ेंगे. हालांकि उनके सामने सिर्फ पाकिस्तान की लड़खड़ाती बल्लेबाजी को पटरी पर लाने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि विदेशी कोचों के उस खराब रिकॉर्ड को भी बदलना होगा, जिसमें कई बड़े नाम समय से पहले ही टीम से अलग हो चुके हैं.

Advertisement

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को माइक स्मिथ को सभी प्रारूपों की टीम का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया. लेवल-4 कोच स्मिथ पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ काम कर चुके हैं. पीएसएल 2026 में वह मुल्तान सुल्तान्स के बल्लेबाजी कोच थे. अब उनकी असली परीक्षा इंग्लैंड दौरे से शुरू होगी.

स्मिथ ऐसे समय में टीम से जुड़ रहे हैं जब पाकिस्तान की बल्लेबाजी, खासकर टेस्ट क्रिकेट में, लगातार सवालों के घेरे में है. पिछले कुछ वर्षों में टीम कई मौकों पर पहली पारी में बड़े स्कोर खड़े करने और दबाव में लंबी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही है. ऐसे में पीसीबी को उम्मीद है कि नया बल्लेबाजी कोच टीम की इस पुरानी कमजोरी को दूर कर सकेगा.

हालांकि पाकिस्तान में विदेशी कोचों का इतिहास ज्यादा उत्साहजनक नहीं रहा है. गैरी कर्स्टन, जेसन गिलेस्पी, स्टीव रिक्सन और डेव वाटमोर जैसे अनुभवी कोच भी पीसीबी के साथ लंबी पारी नहीं खेल सके. किसी का अनुबंध समय से पहले खत्म हुआ तो किसी ने मतभेदों के चलते इस्तीफा दे दिया. यही वजह है कि स्मिथ की नियुक्ति को सिर्फ एक कोचिंग बदलाव नहीं, बल्कि पीसीबी की एक नई परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है.

Advertisement

टी20 विश्व कप के बाद हनीफ मलिक के हटने के बाद पूर्व टेस्ट बल्लेबाज और राष्ट्रीय चयनकर्ता असद शफीक ने बांग्लादेश और वेस्टइंडीज दौरों पर अंतरिम बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी. अब यह जिम्मेदारी स्थायी रूप से माइक स्मिथ के कंधों पर आ गई है.

अगर स्मिथ पाकिस्तान की बल्लेबाजी में निरंतरता ला पाए और विदेशी कोचों के बार-बार बदलने वाले सिलसिले को रोक सके, तो यह नियुक्ति पीसीबी के लिए बड़ा फैसला साबित हो सकती है. लेकिन अगर इतिहास दोहराया गया तो विदेशी कोचों की लंबी सूची में एक और नाम जुड़ जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »