कर्नाटक के बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित एक मेडिकल कॉलेज से एक विवादित मामला सामने आया है. यहां एक प्रोफेसर ने क्लास के दौरान ही एक छात्रा को प्रपोज कर दिया, जिसके बाद माहौल अचानक गर्म हो गया. बताया जा रहा है कि प्रोफेसर ने माइक्रोफोन पर कहा कि वह अपनी बैच की एक महत्वपूर्ण लड़की को प्रपोज करना चाहते हैं. इसके बाद उन्होंने छात्रा का नाम लिया. यह सुनते ही छात्रा ने तुरंत विरोध किया और वहीं से बहस शुरू हो गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्रा साफ तौर पर प्रोफेसर के दावे को खारिज करती है. वह कहती है, 'अगर आपको बात करनी है तो आप प्रिंसिपल के पास जा सकते हैं. पूरी क्लास आपके साथ जाएगी.' कुछ ही देर बाद मामला और बढ़ गया. कॉलेज परिसर में छात्रा और उसके साथियों ने प्रोफेसर की पिटाई कर दी.