Advertisement

Cyclone Murasu Live: 120 KM की स्पीड से आया तूफान मुरासु, 12 घंटे तेज बारिश की आशंका

ऋचीक मिश्रा | नई दिल्ली | 03 नवंबर 2026, 7:09 AM IST

Cyclone Murasu Live Updates: चक्रवात मुरासु बुधवार सुबह करीब एक बजे ओंगोल के पास लैंडफॉल शुरू कर चुका है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं और भारी बारिश हो रही है. तूफानी लहरें एक से डेढ़ मीटर ऊंची आने से बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों के निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है.

चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश में तेज बारिश शुरू कर चुका है. 120 KM की स्पीड से हवाएं चल रही हैं. (Photo: IMD)

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार की सुबह करीब एक बजे से गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु ने आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में ओंगोल के पास लैंडफॉल शुरू कर दी. पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित यह तूफान दक्षिण आंध्र तट के बेहद करीब पहुंच गया था. लैंडफॉल के दौरान तूफान की दीवार वाले बादलों का अगला हिस्सा जमीन पर आने लगा और आंख तट को छू रही थी. यह स्थिति ओंगोल से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कवाली से 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और बापटला से 70 किलोमीटर दक्षिण में दर्ज की गई.

तूफान के साथ तेज हवाएं 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं, जो कभी-कभी 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गईं. ये हवाएं तटवर्ती इलाकों में सुबह तक बनी रहीं. दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 12 घंटों तक भारी बारिश की आशंका जताई गई. कई जगहों पर पहले ही तेज बारिश शुरू हो चुकी थी, जिससे सामान्य जीवन प्रभावित होने लगा. IMD ने चेतावनी दी कि नीलोरे से नरसापुर के बीच ओंगोल के आसपास लैंडफॉल का मुख्य बिंदु रहेगा. दक्षिण तटीय आंध्र में अगले 12 घंटों तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

तूफानी लहरों का खतरा

चक्रवात के कारण तटीय इलाकों में 1 से 1.5 मीटर ऊंची तूफानी लहरें आने की संभावना है. ये लहरें ज्वार से ऊपर उठकर बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा कर सकती हैं. बुधवार सुबह तक यह स्थिति बनी रह सकती है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने और सड़कें जाम हुई है.

यह चक्रवात बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम का परिणाम है. लैंडफॉल प्रक्रिया जारी रहने से तटीय क्षेत्रों में नुकसान का जोखिम बढ़ गया है. किसानों, मछुआरों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग लगातार अपडेट जारी कर रहा है. समय पर तैयारियां और सरकारी उपाय नुकसान को कम करने में मददगार साबित हो सकते हैं. आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में राहत कार्य पहले से शुरू कर दिए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत मदद मिल सके.

7:00 AM (17 मिनट पहले)

Cyclone Murasu Latest Updates: प्रकाशम जिले में तूफान का असर, भारी बारिश के साथ तेज हवाएं

Posted by :- Richeek Mishra

चक्रवात मुरासु का लैंडफॉल दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पर शुरू हो गया है. प्रकाशम जिले में तूफान का असर साफ दिखने लगा है. ओंगोल के पास कोथापटनम बीच इलाके में भारी बारिश के साथ बेहद तेज हवाएं चल रही हैं. तटीय क्षेत्रों में तेज झोंके महसूस किए जा रहे हैं. तूफान के कारण समुद्र उग्र हो उठा है और लहरें ऊंची उठ रही हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि हवा की रफ्तार इतनी तेज है कि पेड़ झुक गए हैं और रेत उड़ रही है. बारिश लगातार हो रही है जिससे सड़कें पानी से भरने लगी हैं. प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

मौसम विभाग के अनुसार लैंडफॉल प्रक्रिया जारी है और अगले कुछ घंटों तक तेज हवाएं व भारी बारिश बनी रह सकती है. जिला प्रशासन सतर्क है और राहत टीमों को तैनात किया गया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है. तूफान के प्रभाव से पूरे तटीय इलाके में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है. लोग घरों में सुरक्षित रहने की कोशिश कर रहे हैं.

 

6:38 AM (39 मिनट पहले)

Cyclone Murasu Live: आंध्र प्रदेश में पहुंचा तूफान का केंद्र, तेज बारिश

Posted by :- Richeek Mishra

गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु का लैंडफॉल दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पर जारी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि यह प्रक्रिया अभी दो घंटे और चलेगी. तूफान के दीवार बादल का बड़ा हिस्सा जमीन पर आ चुका है और उसकी आंख तट में प्रवेश कर रही है. लैंडफॉल का मुख्य बिंदु नीलोरे और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास है. दक्षिण तटीय आंध्र में अगले 12 घंटों तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. ओंगोल के कोथापटनम बीच इलाके में पहले से ही भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं.

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और जान का नुकसान न होने देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि तूफान कोथापटनम के पास लैंडफॉल करेगा. लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. स्वर्ण ग्राम और वार्ड कार्यालयों के जरिए जानकारी पहुंचाने, नहरों व टैंकों की सुरक्षा करने और बिजली व्यवस्था ठीक रखने के आदेश दिए गए हैं. पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए जीवन रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.

 

5:56 AM (एक घंटा पहले)

Cyclone Murasu: चेन्नई में भी चल रही है राहत और बचाव की तैयारी

Posted by :- Richeek Mishra

चक्रवात मुरासु की तैयारी पर ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के आयुक्त जी.एस. समीरन ने कहा कि पिछले दो दिनों से ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन चक्रवात के प्रभावों को कम करने के लिए सभी उपायों की तैयारी कर रहा है. और आज से यह चक्रवात गंभीर चक्रवात बन गया है, जो जमीन पर आने वाला है. इसका लैंडफॉल आंध्र प्रदेश में ओंगोल के पास हो चुका है. चूंकि चेन्नई और तिरुवल्लुर का कुछ हिस्सा आंध्र प्रदेश राज्य के बहुत करीब है, इसलिए हम खुद को तैयार कर रहे हैं ताकि हम इस गंभीर चक्रवाती तूफान के बाहरी दायरे में आ जाएं.