Ketu Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में केतु को रहस्य, आध्यात्मिकता, वैराग्य और आत्मचिंतन से जोड़कर देखा जाता है. केतु का राशि परिवर्तन जीवन में अप्रत्याशित बदलावों का संकेत माना जाता है. साल 2026 में दिवाली के बाद केतु की चाल में बदलाव होने जा रहा है,
द्रिक पंचांग के अनुसार, केतु 5 दिसंबर 2026 को सिंह राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे. केतु के इस राशि परिवर्तन को लेकर वृषभ, मिथुन, कन्या, तुला, मकर और कुंभ राशि के जातकों के लिए शुभ परिणामों की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, किसी व्यक्ति की कुंडली में ग्रहों की स्थिति के अनुसार इसके परिणाम अलग-अलग हो सकते हैं.
केतु गोचर 2026: कब बदलेगी केतु की राशि?
वैदिक ज्योतिष में राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है. इन दोनों ग्रहों की चाल सामान्य ग्रहों से अलग होती है, इन्हें आमतौर पर वक्री गति से चलने वाला माना जाता है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, केतु करीब डेढ़ साल में एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं.
इस बार केतु का गोचर सिंह राशि से कर्क राशि में होगा. कर्क राशि का स्वामी चंद्रमा है, जिसे मन, भावनाओं और मानसिक स्थिति का कारक माना जाता है. वहीं, केतु का संबंध वैराग्य, रहस्य और आध्यात्मिक झुकाव से जोड़ा जाता है. ऐसे में ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, इस गोचर के दौरान कुछ लोगों के विचारों, प्राथमिकताओं और काम करने के तरीकों में बदलाव आ सकता है.
ध्यान देने वाली बात यह है कि केतु के गोचर से मिलने वाले फल केवल राशि के आधार पर निश्चित नहीं किए जा सकते. जन्म कुंडली में केतु की स्थिति और अन्य ग्रहों का प्रभाव भी महत्वपूर्ण माना जाता है.
वृषभ राशि: अचानक धन लाभ के बन सकते हैं योग
वृषभ राशि के जातकों के लिए केतु का गोचर आर्थिक मामलों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है. आमदनी बढ़ाने के नए अवसर मिल सकते हैं , लंबे समय से अटका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना बन सकती है. कारोबार से जुड़े लोगों को किसी पुराने संपर्क के जरिए फायदा हो सकता है.
मिथुन राशि: नौकरी और कारोबार में मिल सकते हैं नए अवसर
मिथुन राशि वालों के लिए यह गोचर करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं. पहले से नौकरी कर रहे जातकों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नई जिम्मेदारियां संभालने का मौका मिल सकता है.
कन्या राशि: खुल सकते हैं कमाई के नए रास्ते
कन्या राशि के जातकों के लिए केतु का राशि परिवर्तन आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत दे सकता है. आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते मिल सकते हैं और लंबे समय से रुके हुए काम आगे बढ़ सकते हैं. कारोबार करने वालों को नई योजनाओं से लाभ मिलने की संभावना है.
तुला राशि: करियर में तरक्की के मिल सकते हैं मौके
तुला राशि के जातकों के लिए यह गोचर कामकाज और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है. नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जबकि कारोबारियों को अपना काम आगे बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं.
मकर राशि: पुरानी परेशानियों से मिल सकती है राहत
मकर राशि के जातकों के लिए केतु का गोचर कई मामलों में राहत देने वाला साबित हो सकता है. नौकरी और कारोबार में आ रही बाधाओं को दूर करने के अवसर मिल सकते हैं. कार्यक्षेत्र में विरोधियों की चुनौतियों से निपटने में सफलता मिल सकती है.
कुंभ राशि: नए संपर्कों से हो सकता है फायदा
कुंभ राशि के जातकों के लिए केतु का गोचर नए अवसरों के रास्ते खोल सकता है. नौकरी और कारोबार में प्रभावशाली लोगों से संपर्क बन सकते हैं, जो भविष्य में उपयोगी साबित हो सकते हैं. रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है.
aajtak.in