Bada Mangal 2026: आज है ज्येष्ठ माह का तीसरा बड़ा मंगल, जानें शुभ मुहूर्त और पूजन विधि

Bada Mangal 2026: आज ज्येष्ठ मास का तीसरा बड़ा मंगल (बुढ़वा मंगल) है. हनुमान भक्तों के लिए यह दिन बेहद खास और कल्याणकारी माना जाता है. आइए जानते हैं कि आज बजरंगबली को प्रसन्न करने का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि क्या रहेगी.

Advertisement
तीसरा बड़ा मंगल 2026 (Photo: ITG) तीसरा बड़ा मंगल 2026 (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:00 AM IST

Bada Mangal 2026: सनातन धर्म में ज्येष्ठ मास के मंगलवार का विशेष महत्व माना गया है. इस महीने में आने वाले सभी मंगलवार को 'बड़ा मंगल' या 'बुढ़वा मंगल' के नाम से जाना जाता है. आज ज्येष्ठ महीने का तीसरा बड़ा मंगल है. यह पावन दिन संकटमोचन हनुमान जी की आराधना के लिए सर्वोत्तम माना जाता है. मान्यता है कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार को ही भक्तराज हनुमान की मुलाकात प्रभु श्री राम से हुई थी, इसलिए इस पूरे महीने बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है.

Advertisement

इस दिन देश भर के हनुमान जी के मंदिर में भक्तो का तांता लग जाता है. जगह-जगह भंडारे आयोजित किए जाते हैं और राहगीरों को ठंडा पानी व शरबत पिलाया जाता है. यदि आप भी आज के दिन बजरंगबली को प्रसन्न करना चाहते हैं और अपने जीवन के सारे कष्ट दूर करना चाहते हैं, तो जानें पूजा का शुभ मुहूर्त, सही विधि और कुछ अचूक उपाय.

तीसरा बड़ा मंगल 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त

आज यानी ज्येष्ठ के तीसरे बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा के लिए कई शुभ संयोग बन रहे हैं. वैसे तो बजरंगबली की पूजा पूरे दिन की जा सकती है, लेकिन सुबह और शाम का समय साधना के लिए सबसे उत्तम माना जाता है.

सुबह का शुभ मुहूर्त: सुबह 05 बजकर 30 मिनट से लेकर सुबह 09 बजे तक पूजा का बहुत ही श्रेष्ठ समय है.

Advertisement

अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 11 बजकर 50 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 45 मिनट तक रहेगा. इस समय में किए गए कार्य बेहद सफल होते हैं.

शाम की पूजा का समय: शाम को सूर्यास्त के बाद यानी 06 बजकर 45 मिनट से रात 08 बजकर 30 मिनट तक हनुमान चालीसा और आरती करना अत्यंत फलदायी रहेगा.

हनुमान जी की सरल पूजा विधि

आज के दिन हनुमान जी की कृपा पाने के लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र (संभव हो तो लाल या पीले रंग के) धारण करें. इसके बाद घर के मंदिर में या पास के किसी हनुमान मंदिर में जाकर इस विधि से पूजा करें. हनुमान जी की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर बैठें और व्रत या विशेष पूजा का संकल्प लें. हनुमान जी के सामने गाय के घी का या चमेली के तेल का दीपक प्रज्वलित करें. फिर, बजरंगबली को गंगाजल से स्नान कराने के बाद उन्हें लाल रंग के फूल, गोमती चक्र या तुलसी दल अर्पित करें.

इसके बाद उन्हें चमेली के तेल में मिला हुआ सिंदूर (चोला) चढ़ाएं. आज के दिन हनुमान जी को बूंदी के लड्डू, बेसन के लड्डू या फिर पुड़ी और हलवे का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है. आसन पर बैठकर श्रद्धापूर्वक हनुमान चालीसा, बजरंग बाण या सुंदरकांड का पाठ करें. अंत में कपूर जलाकर हनुमान जी की आरती करें और अपनी भूल-चूक के लिए क्षमा मांगें.

Advertisement

सुख-समृद्धि और कष्ट निवारण के अचूक उपाय

तुलसी के पत्तों की माला 
आज हनुमान जी को 108 तुलसी के पत्तों पर चंदन से 'श्री राम' लिखकर उनकी माला पहनाएं. इससे धन संबंधी सभी परेशानियां दूर होती हैं.

सुंदरकांड का पाठ 
यदि घर में अशांति या नकारात्मक ऊर्जा का वास है, तो आज शाम को पूरे परिवार के साथ बैठकर सुंदरकांड का पाठ करें.

पीपल के पेड़ का उपाय 
आज शाम को पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं और हनुमान जी का स्मरण करें. इससे शनि दोष और राहु-केतु के बुरे प्रभाव से मुक्ति मिलती है.

भंडारा और दान 
बड़े मंगल पर भूखे और जरूरतमंद लोगों को भोजन कराना, पूड़ी-सब्जी का प्रसाद बांटना या राहगीरों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है. इससे हनुमान जी तुरंत प्रसन्न होते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement